ुर मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में लवकुशनगर में स्कूल से घर लौटते समय लापता हुए दो सगे भाइयों की हत्या कर दी गई। दोनों के शव रविवार को पहाड़तरे के पुरवा के पास एक कुएं में मिले। मृतकों की पहचान 11 वर्षीय सचिन यादव और 9 वर्षीय प्रेम यादव के रूप में हुई है। दोनों निरपत यादव के बेटे थे और लवकुशनगर के वार्ड नंबर-2 स्थित सिद्दन मोहल्ले में रहते थे। दोनों क्लाइमेक्स इंग्लिश स्कूल में पढ़ते थे। पुलिस की जांच में बच्चों की मां के प्रेमी बालकेश सिंह पर अपहरण और हत्या का आरोप सामने आया है। एसपी रजत सकलेचा के मुताबिक, CCTV में बालकेश दोनों बच्चों को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। उसे जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गई है। सर्चिंग के दौरान कुएं में मिले दोनों के शव मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें गठित कर CCTV फुटेज और संभावित रास्तों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। जांच और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस पहाड़तरे के पुरवा के पास स्थित कुएं तक पहुंची। यहां दोनों बच्चों के शव पानी में उतराते मिले। पुलिस बल ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला। पंचनामा बनाकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल जांच में अपहरण के बाद हत्या की बात सामने आई है। CCTV में मां के प्रेमी के साथ जाते दिखे बच्चे
बच्चों के लापता होने के बाद पुलिस ने संभावित रास्तों और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला। पुलिस के मुताबिक, बालकेश सिंह दोनों बच्चों को अपने साथ ले जाते हुए CCTV में दिखाई दिया है। पुलिस का कहना है कि बालकेश बच्चों की मां के पास आता-जाता था, इसलिए दोनों बच्चे उसे पहचानते थे और उसके साथ सहजता से चले गए। बच्चों को रास्ते का कांटा मानता था आरोपी
पुलिस के अनुसार, बच्चों की मां का बालकेश सिंह से प्रेम प्रसंग था और महिला का पति बाहर रहता है। पुलिस का दावा है कि बालकेश महिला को अपने साथ रखना चाहता था। इसी जिद में वह उसके बच्चों को अपने रास्ते का कांटा मानने लगा। पुलिस के मुताबिक, इसी वजह से उसने दोनों बच्चों का बाइक से अपहरण किया और उन्हें कुएं में फेंक दिया। शुक्रवार दोपहर स्कूल से निकले थे दोनों भाई
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद सचिन और प्रेम घर के लिए निकले थे। दोनों निर्धारित समय तक घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने आसपास और संभावित जगहों पर तलाश की, लेकिन जब काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। बच्चों की मां संगीता यादव की शिकायत पर पुलिस ने पहले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था। स्कूल के पास मिली साइकिल और बैग
केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई और सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाश के दौरान स्कूल से कुछ दूरी पर एक दुकान के पास दोनों भाइयों की साइकिल खड़ी मिली। वहीं दोनों बच्चों के बैग भी रखे हुए मिले थे। इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और बच्चों के आने-जाने वाले रास्तों की जांच तेज की। इसी दौरान बालकेश सिंह के दोनों बच्चों को अपने साथ ले जाने का CCTV फुटेज सामने आया। बच्चों की हत्या से इलाके में तनाव, फोर्स तैनात दो मासूम बच्चों की हत्या की खबर फैलते ही पूरे कस्बे और यादव समाज में रोष फैल गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। CCTV और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
