हरदा हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम कुसिया में शुक्रवार रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार डंपर मवेशियों को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसा। हादसे में दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई। डंपर चालक और कंडक्टर घायल हो गए। चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डंपर चालक पन्नालाल कीर (54), निवासी कुसिया, के सिर में गंभीर चोट आई है। अंदरूनी रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उन्हें भोपाल रेफर किया है। कंडक्टर भगवान (60), निवासी कुसिया, के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है। उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, पन्नालाल कीर और भगवान हरदा से अपने गांव कुसिया लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर बैठे मवेशियों को बचाने की कोशिश में डंपर अनियंत्रित हो गया और घर में जा घुसा। दोनों के एक-एक बेटे हैं। सरपंच बोले- सड़क पर बैठे रहते हैं मवेशी ग्राम कुसिया के सरपंच वीरेंद्र सारण ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर मवेशियों के बैठे रहने से अक्सर हादसे होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल हाईवे के कर्मचारियों की ओर से सड़क से मवेशियों को नहीं हटाया जाता। इसी वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
