मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। विधानसभा अध्यक्ष की नेता बिरादरी को खरी बात
मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने नेता बिरादरी को खरी बात कह दी। उन्होंने कहा कि जाति व्यवस्था को बिगाड़ने का काम नेताओं ने ही किया है। नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना में आयोजित संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान और यात्रा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- जाति का बंधन, प्रभु ने नहीं बनाया। जाति का बंधन हमारे धर्म में नहीं है। जाति का बंधन सामान्य तौर पर अपनी व्यवस्था के लिए यहां के लोगों ने बनाया। फिर आगे उन्होंने कहा कि जाति की व्यवस्था को बिगाड़ने का काम और तुष्टिकरण करने का काम अगर किसी ने किया है तो भगवान ने नहीं किया, नेताओं ने अपने-अपने स्वार्थों के लिए किया है। ये हम सब लोग भली-भांति जानते हैं। अब लोग विधानसभा अध्यक्ष के इस बयान पर चुटकियां ले रहे हैं। कह रहे हैं कि नेताओं के मुंह से कभी-कभी सच निकल ही जाता है। कुछ लोग कह रहे हैं कि अब तो नेता जी ने भी मान लिया, इसलिए जाति के नाम पर लड़ना नहीं, नेताओं के चक्कर में पड़ना नहीं। बस मिल-जुलकर प्यार और एकता के साथ रहना है। ट्रेन को मंच बनाकर प्लेटफॉर्म पर ही कर ली सभा
मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने ट्रेन को ही मंच बना लिया और फिर माइक थामकर प्लेटफॉर्म पर ही सभा कर ली। इसके वीडियो भी सामने आए हैं। दरअसल, तोमर ने मुरैना के कैलारस से वीरपुर के बीच दो दिन पहले ही शुरू हुई मेमो ट्रेन में आम लोगों के साथ सफर किया। इस दौरान कुछ स्टेशनों पर ट्रेन के रुकने पर उन्होंने ट्रेन में ही खड़े होकर लोगों को संबोधित किया। अब लोग तंज कर रहे हैं। कह रहे हैं कि नेताओं को तो बस मौका और माइक मिलना चाहिए। वे कहीं भी शुरू हो जाते हैं। कुछ लोगों का कहना है कि एमपी में भाजपा की डबल इंजन की सरकार है और तोमर इसी पार्टी के बड़े नेता हैं। बस समझ जाइए। पटवारी बोले- भाजपा में इंजन और डिब्बों की लड़ाई
इधर, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में चल रही भाजपा की डबल इंजन वाली ट्रेन यानी सरकार को कुछ यूं परिभाषित किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी एक ऐसी ट्रेन है, जिसमें डिब्बे कहते हैं, इंजन हटा दो और इंजन कहता है, डिब्बों को बदल दूंगा। ये लड़ाई चल रही है और इसमें यात्री रूपी जनता परेशान हो रही है। जीतू पटवारी ने आगे अपनी बात को स्पष्ट करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के बड़े-बड़े नेता मोहन यादव जी के खिलाफ दिल्ली जाते हैं, कूच करते हैं और इधर मोहन यादव जी रोज कहते हैं कि मैं मंत्रिमंडल बदल दूंगा। भाजपा में डिब्बे और इंजन की लड़ाई चल रही है। खरी बात ये है कि कांग्रेस पूरी ताकत से भाजपा की इस डबल इंजन वाली ट्रेन के ब्रेक लगाने में जुटी है। ऐसे में जीतू पटवारी का ये राजनीतिक बयान इसी कोशिश का एक हिस्सा माना जा रहा है। और अब अंदर की बात.. आखिरकार महिला आईएएस की हो गई विदाई
एक विभाग में पदस्थ महिला आईएएस की आखिरकार वहां से छुट्टी हो गई। उन्हें दूसरे विभाग में भेज दिया गया है। इस अधिकारी की विभाग में ही पदस्थ एक अन्य महिला अधिकारी से पटरी नहीं बैठ रही थी। इसका असर विभाग के कामकाज पर भी पड़ने लगा था। दोनों के बीच अहम की ऐसी ठनी कि मामला ऊपर तक पहुंच गया था। दोनों ने एक-दूसरे की शिकायतें मुख्य सचिव तक पहुंचाईं। आखिरकार एक की फाइल निपट गई और उनका तबादला कर दिया गया। सुना है कि तबादले से पहले करीब एक हफ्ते से उन्हें कोई काम भी नहीं दिया जा रहा था। यानी अधिकारी काम के मामले में ‘बेरोजगार’ बैठी थीं। अब इस विदाई की कहानी भी कम रोचक नहीं है। तबादला आदेश जारी होने के 24 घंटे के भीतर ही उन्हें रिलीव कर दिया गया। वह भी दफ्तर के सामान्य कामकाजी समय में नहीं, बल्कि देर शाम। उन्हें रिलीव करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को भी देर तक दफ्तर में रुकना पड़ा। और तो और, इस विभाग की परंपरा रही है कि किसी वरिष्ठ अधिकारी के तबादले पर बाकायदा विदाई समारोह होता है। लेकिन इस मामले में वह औपचारिकता भी नहीं निभाई गई। इधर, शासन ने उनकी जगह एक दूसरी महिला अधिकारी की पोस्टिंग कर दी है। अब प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि कर्मचारियों की हालत कुछ ऐसी हो गई है- आसमान से गिरे, खजूर पर अटके। विभाग में फिर वही स्थिति है- एक म्यान में दो तलवारें। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), दुष्यंत सिकरवार (मुरैना) ये भी पढ़ें –
शिवराज का VIDEO, लोग बोले- मामा वापस आ जाओ: लाड़ली बहनों के लिए मोहन भैया का गाना मामा जी यानी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भले ही दिल्ली शिफ्ट कर दिए गए हों, लेकिन मध्य प्रदेश में उनका क्रेज अब भी बरकरार है। उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग उन पर जमकर प्यार लुटाते नजर आए। ये कहते नजर आए कि मामा वापस एमपी आ जाओ। पूरी खबर पढ़ें
