इंदौर के कनाड़िया स्थित झालरिया क्षेत्र में सोमवार रात पत्नी अनीता और बेटी माही की हत्या करने वाले आरोपी सुनील चौहान ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह पत्नी की हत्या के बाद खुद भी सुसाइड करना चाहता था। उसे बच्चों के भविष्य की चिंता हुई और उसने सोचा कि उसके मरने के बाद बच्चों का क्या होगा। इसके बाद उसने दोनों बच्चों को भी मारने की योजना बना ली। सुनील ने बेटे अजय पर भी जानलेवा हमला किया, लेकिन वह बच गया। चरित्र पर शंका के बाद हत्या की योजना एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, सुनील अपनी पत्नी अनीता के चरित्र पर शंका करता था। पूछताछ में उसने दावा किया कि उसे लगता था कि दोनों बच्चे उसके नहीं हैं और गांव का एक युवक अक्सर अनीता से मिलने घर आता था। सुनील ने पुलिस को बताया कि इसी शंका के चलते उसने पहले पत्नी और फिर दोनों बच्चों को मारने की योजना बनाई। इसके बाद खुद भी जान देने का इरादा था। अनीता को किसी से बात नहीं करने देता था अनीता के चचेरे भाई बबलू मसौरे ने बताया कि सुनील काफी शकी मिजाज का था। वह अनीता को आसपास के लोगों से बात तक नहीं करने देता था। बबलू के मुताबिक, वह अनीता से राखी बंधवाने उसके घर जाता था। इस दौरान भी सुनील उससे विवाद करता था। अनीता को लेकर उसने बबलू से मारपीट भी की थी, जिसके बाद उसने सुनील के घर जाना बंद कर दिया। डायरी के दावे पर पुलिस ने कहा- गुमराह कर रहा सुनील के घर से एक डायरी जब्त किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी ने दावा किया है कि वह इसमें अपने साथ हुई घटनाओं के बारे में लिखता था और इसमें उसने दोनों बच्चों को अपना नहीं होने की बात भी लिखी है। वहीं, एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, डायरी को लेकर अभी कोई ऐसी बात सामने नहीं आई है, जिसका हत्याकांड से संबंध हो। पुलिस का कहना है कि आरोपी गुमराह करने के लिए ऐसी बातें कह रहा है।
