Homeमध्यप्रदेशकैलारस शुगर मिल चालू कराने MSME विभाग बुलाएगा टेंडर:कांग्रेस MLA कर रहे...

कैलारस शुगर मिल चालू कराने MSME विभाग बुलाएगा टेंडर:कांग्रेस MLA कर रहे आमरण अनशन, कृषि मंत्री बोले- कारखाना शुरू होगा

मुरैना जिले के कैलारस शक्कर कारखाने को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर जौरा से कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय का 15 अगस्त से आमरण अनशन जारी है। विधायक के आंदोलन को समर्थन देने के लिए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से कांग्रेस विधायक और नेता कैलारस पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी कैलारस जाकर अनशन में शामिल होंगे। इसी बीच कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने भोपाल में मीडिया से कहा कि सरकार ने कारखाने को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया और भविष्य की योजना सामने रखी है। सरकार का कहना है कि कारखाना शुरू होने से गन्ना किसानों की आय बढ़ेगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री दे चुके हैं कारखाना शुरू करने के निर्देश कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 19 अगस्त 2025 को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में कैलारस शक्कर कारखाने की जमीन का उपयोग उद्योगों की स्थापना और रोजगार बढ़ाने के लिए करने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद कारखाने की जमीन MSME विभाग को हस्तांतरित की गई थी। मंत्री के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कैलारस शक्कर कारखाने को दोबारा शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं। कंसाना ने कहा कि कारखाना शुरू होने से क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों की आय बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। कृषि विभाग कैलारस और आसपास के क्षेत्र में गन्ने का उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करेगा, ताकि कारखाने के संचालन के लिए पर्याप्त गन्ना उपलब्ध हो सके। बड़े शक्कर मिल संचालकों से मांगे जाएंगे प्रस्ताव सरकार ने कारखाने को दोबारा संचालित करने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं। कृषि मंत्री के अनुसार MSME विभाग देश के बड़े शक्कर मिल संचालकों से प्रस्ताव आमंत्रित करने के लिए जल्द EOI (Expression of Interest) जारी करने की प्रक्रिया में है। इसके साथ ही कारखाने के संचालन के लिए जरूरी जमीन अलग रखने के बाद बची भूमि पर विभिन्न MSME इकाइयां स्थापित करने के लिए औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। विधायक के अनशन से बढ़ी मुद्दे की सियासी अहमियत एक तरफ विधायक पंकज उपाध्याय कारखाना शुरू कराने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर हैं और कांग्रेस नेता लगातार उनके आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं। वहीं, सरकार का कहना है कि कारखाने को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया पहले से चल रही है। कृषि मंत्री ने कहा कि शक्कर कारखाने के दोबारा संचालन के साथ अतिरिक्त भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से मुरैना जिले में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। इससे निवेश बढ़ने, नए उद्योग स्थापित होने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। दर्जनभर से ज्यादा नेता अनशन में शामिल कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय के आमरण अनशन में अब तक सांसद अशोक सिंह, फूल सिंह बरैया, जयवर्धन सिंह, धर्मेंद्र चौहान, अवनीश भार्गव, दिनेश गुर्जर, देवेंद्र सखवार, केशव देसाई, सुरेश राजे, घनश्याम सिंह, मुकेश मल्होत्रा, साहब सिंह गुर्जर, कैलाश कुशवाह, पूर्व विधायक नीटू सिकरवार, रवींद्र तोमर, प्रागीलाल जाटव, मेवाराम जाटव, बैजनाथ कुशवाह, पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ला और अवधेश नायक समेत कई नेता शामिल हो चुके हैं।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here