दतिया में दुरसड़ा थाना क्षेत्र के कुआखेड़ा गांव में 57 वर्षीय किसान कोमल पाल की हत्या के मामले में बुधवार शाम नया मोड़ आ गया। हत्या से नाराज परिजनों ने दतिया में सिविल लाइन रोड स्थित बुंदेला कॉलोनी तिराहे पर शव रखकर करीब 20 मिनट तक चक्काजाम किया। परिजनों का आरोप था कि किसान को कुल्हाड़ी से वार करने के साथ गोली भी मारी गई है लेकिन FIR में गोली का जिक्र नहीं किया गया। वही मौके पर मौजूद एक महिला ने कहा कि मेरे भाई को मारा, पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। पुलिस ने पैसा खा लिया। पुलिस का कहना है कि गोली लगी है या नहीं, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। रात भर घर न आने पर सुबह परिजन पहुंचे
दरअसल कोमल पाल मंगलवार रात गांव के ही विनय समाधिया के घर बैठने गए थे। रात करीब 8 बजे उनके बड़े बेटे जीतू पाल ने फोन पर बात की थी। कोमल ने बताया था कि वे विनय के घर हैं और कुछ देर बाद लौट आएंगे। रातभर घर नहीं लौटने पर बुधवार सुबह परिजन विनय के घर पहुंचे। यहां बंद कमरे में कोमल का खून से लथपथ शव मिला। उनके शरीर पर कुल्हाड़ी के तीन वार के निशान बताए गए हैं। दो वार गर्दन के पीछे और एक सिर के पास कान के नजदीक किया गया था। घटना के बाद विनय समाधिया मौके से फरार मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, विनय को नशे और जुआ-सट्टे का आदी बताया जाता है। घटना से पहले उसे कार में तीन-चार लोगों के साथ गांव में घूमते देखे जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि हत्या की वजह और इसमें अन्य लोगों की भूमिका अभी स्पष्ट नहीं है। गोली लगने की आशंका में चक्काजाम
भांडेर में पोस्टमॉर्टम को लेकर भी परिजन नाराज रहे। उनका कहना था कि शव को दतिया रेफर किया गया, इसलिए उन्होंने पोस्टमॉर्टम नहीं कराया और शव लेकर दतिया पहुंचे। यहां उन्होंने गोली लगने की आशंका जताते हुए पीएम से पहले शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी मंजीत सिंह चावला समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी। करीब 20 मिनट बाद परिजन चक्काजाम खोलने पर सहमत हुए। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया। पुलिस के मुताबिक FIR दर्ज हो चुकी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण और शरीर पर गोली के निशान होने या न होने की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि रात की गतिविधियों और संदिग्ध लोगों की आवाजाही का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी विनय समाधिया की तलाश के साथ हत्या के कारणों और घटना में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। यह खबर भी पढ़ें…
बंद कमरे में किसान का खून से लथपथ शव मिला दतिया के कुआखेड़ा गांव में 57 वर्षीय किसान कोमल पाल की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। उनका शव बुधवार को गांव के ही विनय समाधिया के घर के बंद कमरे में मिला। परिजनों ने बताया कि शरीर पर कुल्हाड़ी के तीन वार के निशान हैं। इनमें दो वार गर्दन के पीछे और एक वार सिर के पास कान के नजदीक किया गया। पूरी खबर पढ़ें…
