भिंड में NH-719 पर बरोही थाना क्षेत्र में सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। सूर्या होटल के पास सामने आए ऑटो को बचाने के प्रयास में सूत्र सेवा बस अनियंत्रित होकर पास चल रही दूसरी बस से जा टकराई। टक्कर में सूत्र सेवा बस का आगे का कांच टूट गया। अचानक हुई टक्कर से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। ऑटो को बचाने में बिगड़ा बस का संतुलन
जानकारी के अनुसार सूत्र सेवा बस क्रमांक एमपी 07 पी 1634 ग्वालियर से भिंड की ओर आ रही थी। सूर्या होटल के पास सामने से आ रहे ऑटो क्रमांक एमपी 07 एएफ 1642 को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई। चालक बस को संभाल पाता, इससे पहले ही वह बगल में चल रही दूसरी बस से टकरा गई। आधे घंटे तक हाईवे पर बनी रही जाम की स्थिति
टक्कर के बाद सूत्र सेवा बस का अगला कांच टूट गया। हादसे के बाद दोनों बसों के सड़क पर रुकने से NH-719 पर यातायात प्रभावित हुआ और करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर बरोही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। यात्रियों को दूसरी बस से भेजा
हादसे के बाद सूत्र सेवा बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से भिंड बस स्टैंड तक पहुंचाया गया। समय रहते बस चालक के नियंत्रण करने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
