श्रावण माह के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के संयोग पर उज्जैन में आज श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। वर्ष में एक बार खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट रविवार रात 12 बजे खोले गए। मंदिर अगले 24 घंटे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहेगा। वहीं सावन के तीसरे सोमवार पर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए भी देर रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। महाकाल मंदिर के पट तड़के 2:30 बजे खोले गए और भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। दोनों मंदिरों में दर्शन के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को मंदिरों तक पहुंचने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ सकता है। प्रवेश और निर्गमन के रास्ते भी अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं। इधर शाम 4 बजे बाबा महाकाल की तीसरी सवारी निकलेगी। सवारी में चंद्रमौलेश्वर पालकी में, मनमहेश हाथी पर और शिव-तांडव प्रतिमा गरुड़ रथ पर विराजित रहेगी। करिए नागचंद्रेश्वर के दर्शन…
