ग्वालियर के शीतला माता मंदिर में सप्तमी पर दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक बेकाबू ट्रक घुस गया। चीनौर रोड की ढलान से नीचे आ रहा ट्रक सड़क किनारे लगी दुकानों और श्रद्धालुओं को रौंदते हुए मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से टकरा गया। हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। ट्रक की टक्कर से मंदिर के प्रवेश द्वार की दीवार ढह गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई लोग ट्रक और दीवार के मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को निकालने में मदद की। पुलिस और राहत दल ने भी बचाव कार्य शुरू किया।
