बुरहानपुर नवल नगर झिरी स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा में 15-16 अगस्त की दरमियानी रात चोरी का प्रयास किया गया। अज्ञात बदमाशों ने बैंक का शटर तोड़कर तिजोरी खोलने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। बैंक से कोई नकदी चोरी नहीं हुई। बैंक मैनेजर लखन बट्टी, निवासी जसवाड़ी खंडवा, ने निंबोला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर झंडावंदन के बाद सुबह करीब 9 बजे बैंक बंद कर वह चले गए थे। अगले दिन 16 अगस्त की रात करीब 3:30 बजे नवलसिंह सहकारी शकर कारखाना के सिक्योरिटी इंचार्ज हरी चौधरी ने उन्हें फोन कर बैंक के ताले टूटे होने और सामान बिखरा होने की जानकारी दी। तिजोरी खोलने में भी नाकाम रहे बदमाश सूचना मिलने के बाद मैनेजर ने कैशियर कमलेश और प्यून दिनेश को जानकारी दी। बैंक के अंदर जाकर देखा तो मुख्य द्वार के शटर का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात बदमाशों ने बैंक की तिजोरी खोलने की भी कोशिश की। इससे तिजोरी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन बदमाश उसे खोल नहीं पाए। बैंक से चोरी नहीं हुई ताले टूटे मिले घटना की सूचना मिलते ही निंबोला थाना पुलिस जांच में जुट गई। एएसपी प्रदीप शेंडे और नेपानगर एसडीओपी सुरेश महाले ने भी बैंक का दौरा किया। एसडीओपी सुरेश महाले ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया था, लेकिन वे सफल नहीं हुए। बैंक से कोई राशि चोरी नहीं हुई है। पुलिस ने रविवार दोपहर 2 बजे अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 331-4 के तहत मामला दर्ज किया है। निंबोला थाना प्रभारी राहुल कांबले ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
