नर्मदापुरम संभाग के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र मोहासा स्थित भगवती राइस मिल में शनिवार शाम एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हुआ। मशीन की चपेट में आने से 45 वर्षीय मजदूर महेश नामदेव गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के अनुसार उसका एक हाथ और एक पैर कट गया है तथा भोपाल के सागर हॉस्पिटल में उसका उपचार जारी है। घटना के 24 घंटे बाद भी कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई। जानकारी के अनुसार, महेश नामदेव निवासी बिकोर वर्तमान में माखननगर में रहकर भगवती राइस मिल में काम करता है। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे काम के दौरान वह मशीन में फंस गया। हादसे के बाद साथी मजदूरों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे भोपाल रेफर किया गया। रात में पहुंची पुलिस, गेट बंद मिला
घटना की सूचना मिलने पर माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर शनिवार रात करीब 9 बजे फैक्ट्री पहुंचीं, लेकिन गेट बंद होने के कारण अंदर प्रवेश नहीं हो सका। रविवार शाम नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी और श्रम विभाग की टीम दोबारा मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला। इसके बाद प्रशासन ने घटनास्थल को सील कर दिया। प्रबंधन पर जानकारी छिपाने के आरोप
घटना के बाद कंपनी प्रबंधन पर मामले को दबाने के आरोप लग रहे हैं। कंपनी के प्रतिनिधि सुरेश यादव और जीएम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने अवकाश पर होने की बात कहकर प्रतिक्रिया नहीं दी। श्रम निरीक्षक से भी संपर्क नहीं हो सका। थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि एक मजदूर के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली है, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से अब तक कोई अधिकृत सूचना थाने को नहीं दी गई है। मामले की जांच जारी है। मोहासा में पहले भी जा चुकी मजदूर की जान
मोहासा औद्योगिक क्षेत्र में तीन माह पहले भी एक हादसे में मजदूर की मौत हो चुकी है। लापरवाही के चलते दावत कंपनी के प्लाट पर मिट्टी में दबने से मजदूर अतुल यादव दब गया था। मामले में अभी तक श्रम विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं की गई है। अब मजदूर के पैर हाथ कटने का मामला सामने आया है।
