मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न वितरण में बड़ी अनियमितता सामने आई है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में करीब 27.81 लाख रुपये के खाद्यान्न की कमी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में एक आरोपी को शनिवार की शाम गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, बहुउद्देशीय सेवा सहकारी समिति रामगढ़ द्वारा संचालित बिधुई खुर्द की उचित मूल्य दुकान के विक्रेता अवधेश चतुर्वेदी और सहायक विक्रेता दीपक चतुर्वेदी पर आरोप है कि उन्होंने मार्च से जून 2026 के बीच हितग्राहियों के फिंगरप्रिंट लेने के बावजूद उन्हें खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया। जांच में इस दुकान पर 12 लाख 92 हजार 987 रुपए मूल्य का खाद्यान्न कम पाया गया। जांच के दौरान 14 लाख का खाद्यान्न कम मिला इसी समिति की अमझर स्थित उचित मूल्य दुकान में भी समान अनियमितता पाई गई। यहां जांच के दौरान 14 लाख 88 हजार 103 रुपए मूल्य का खाद्यान्न कम मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 316(5) और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत अपराध दर्ज किया है। इस कार्रवाई के तहत, पुलिस ने शनिवार शाम दीपक चतुर्वेदी (37), निवासी बिछिया खुर्द, थाना ताला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, आरोपी अवधेश चतुर्वेदी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। यह कार्रवाई ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
