मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। सीएम के साथ दिखने के लिए धक्का-मुक्की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के एक कार्यक्रम का वीडियो सामने आया है। इसमें भाजपा नेता सीएम के साथ फोटो फ्रेम में आने की होड़ में धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उज्जैन के माधव कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम का है। यहां सीएम डॉ. मोहन यादव विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर रहे थे। वीडियो में दिख रहा है कि उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी अचानक तेजी से आगे बढ़ते हैं। पहले वे सीएम के बगल में खड़े भाजपा विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा को पीछे करते हैं। इसके बाद हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष ओम जैन और भाजपा जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल को धकेलकर अपनी जगह बना लेते हैं। इसके बाद नेताओं के बीच कहासुनी होती नजर आती है। हालांकि, सीएम डॉ. मोहन यादव मुस्कुराते हुए उन्हें शांत रहने का इशारा करते हैं और मामला संभाल लेते हैं। लेकिन नेताओं के बीच फोटो फ्रेम में आने की यह होड़ कैमरे में कैद हो गई। अब वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे चटकारे लेकर शेयर कर रहे हैं। कह रहे हैं कि सीएम के साथ फोटो में आने की होड़ में भाजपा नेताओं ने ‘पार्टी विद डिफरेंस’ यानी भाजपा की ही किरकिरी करा दी। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की जुबान फिसली
इंदौर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की जुबान फिसल गई। वे कह गए कि भारतीय जनता पार्टी देश की चिंता नहीं करती। हालांकि, उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने अगली ही लाइन में बात सुधार ली। विजयवर्गीय ने कहा- भाजपा देश की चिंता करती है, पार्टी की चिंता नहीं करती, कुर्सी की चिंता नहीं करती। उन्होंने कहा कि हमारे लिए ‘नेशन फर्स्ट’ है, जबकि बाकी राजनीतिक दलों के लिए कुर्सी पहले है। अब लोग कह रहे हैं कि ये महज ‘स्लिप ऑफ टंग’ थी, जिसे मंत्री विजयवर्गीय ने फौरन सुधार लिया। वरना उनके बयान को लेकर विपक्ष को फिर भाजपा पर निशाना साधने का मौका मिल जाता। मंत्री का राजीव गांधी की तारीफ के बहाने तंज
मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल रायसेन में बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तारीफ की तो वहां मौजूद लोग भी चौंक गए। मंत्री ने कहा कि वे स्वर्गीय राजीव गांधी का बहुत सम्मान करते हैं। इतना सुनते ही लोगों के कान खड़े हो गए। चर्चा होने लगी कि मंत्री भाजपा के हैं, फिर कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तारीफ क्यों कर रहे हैं? हालांकि, मंत्री ने जैसे ही अपनी बात आगे बढ़ाई, माजरा साफ हो गया। दरअसल, वे राजीव गांधी की तारीफ के बहाने कांग्रेस के शासनकाल पर तंज कस रहे थे। मंत्री ने कहा कि राजीव गांधी ने एक बार कहा था कि दिल्ली से एक रुपया चलता है, लेकिन हितग्राही तक सिर्फ 15 पैसे पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने इस ‘बीमारी’ को बताने का काम किया था, इसलिए वे उनका सम्मान करते हैं। इसके बाद मंत्री ने कहा कि इस बीमारी का इलाज करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। पूरी बात सामने आने के बाद लोगों ने भी चुटकी ली। कहने लगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रहते भाजपा नेता भला किसी कांग्रेसी प्रधानमंत्री की तारीफ क्यों करेंगे। मंत्री ने राजीव गांधी की तारीफ भी की तो उसमें भी कांग्रेस पर तंज निकाल दिया। और अब अंदर की बात.. एडीजी इंटेलिजेंस पद के लिए लॉबिंग
एमपी में इसी महीने एडीजी स्तर के चार अफसर रिटायर हो रहे हैं। इनमें दो पद बेहद अहम हैं- पहला, एडीजी इंटेलिजेंस और दूसरा, पुलिस हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन का। अब इन दोनों पदों के लिए अफसरों ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। एडीजी इंटेलिजेंस के लिए दो अफसर दावेदारी कर रहे हैं और दोनों को ही मुख्यमंत्री का करीबी बताया जाता है। वहीं, पुलिस हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन पद के लिए भी दावेदार मैदान में हैं। हालांकि, चर्चा है कि इनकी बजाय इनके जूनियर को मौका मिल सकता है। इनपुट सहयोग – शिवेंद्र परमार (उज्जैन), देव शाक्य (रायसेन), विनय यादव (इंदौर) ये भी पढ़ें –
मोहन के मंत्री का राहुल गांधी को ‘टिकट’ का ऑफर: उफनती नर्मदा में भाजपा विधायक का ‘स्टंट’ रतलाम में तिरंगा यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील की धज्जियां उड़ती नजर आईं। दरअसल, तिरंगा यात्रा में महापौर, कलेक्टर समेत अन्य नेता और अधिकारी हाथों में तिरंगा लेकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चले। वहीं, पीछे-पीछे इनके खाली वाहनों का काफिला भी चलता रहा। पूरी खबर पढ़ें
