मध्यप्रदेश के छतरपुर में जटाशंकर धाम से दर्शन कर लौट रहे पांच दोस्तों की कार बुधवार शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच कुएं में गिर गई। हादसे में 22 वर्षीय राकेश अहिरवार की मौत हो गई, जबकि चार युवक घायल हुए हैं। हादसा ईशानगर थाना क्षेत्र के गहरवार गांव के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार की रफ्तार 70 से 80 किमी प्रति घंटे थी। तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30-40 फीट दूर स्थित कुएं में जा गिरी। कुएं की गहराई करीब 40-45 फीट बताई जा रही है। ग्रामीणों ने 3 युवकों को बाहर निकाला हादसे की सूचना मिलते ही ईशानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से कुएं में गिरे तीन युवकों को बाहर निकाल लिया गया। कार चला रहे 25 वर्षीय गुड्डा अहिरवार चलती कार से कूद गया था। वह कुएं के बाहर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने कुएं में फंसे युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे में एक युवक की मौत रेस्क्यू के दौरान 22 वर्षीय राकेश अहिरवार को भी बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। राकेश अहिरवार(22) निवासी कटारे का पुरवा था। उसके पिता का नाम रमेश अहिरवार है। हादसे में 4 युवक घायल पंप से पानी खाली कर कुएं से निकाली कार कुएं में पानी अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद पंपों की मदद से कुएं का पानी खाली कराया गया। पानी कम होने के बाद कार को रेस्क्यू कर कुएं से बाहर निकाला गया। जटाशंकर से लौट रहे थे सभी दोस्त ईशानगर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह के मुताबिक, कार में कुल पांच लोग सवार थे। सभी जटाशंकर धाम से दर्शन कर अपने घर और गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से दूर कुएं में जा गिरी। थाना प्रभारी के अनुसार, कार की स्पीड करीब 70 से 80 किमी प्रति घंटे रही होगी। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
