इंदौर के अलग-अलग वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इस मंच के जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायत पोस्ट होते ही जिम्मेदार संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को समय पर राहत मिल रही है। (आमजन से जुड़ी जनसमस्याएं और शहर की जमीनी हकीकत पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें…) वार्ड 47 के पार्षद नंदकिशोर पहाड़िया बने आज के ‘पब्लिक स्टार’ वार्ड 47 में न्यू देवास रोड, राजकुमार ब्रिज के पास एक राहगीर ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि मालवा मिल से राजकुमार ब्रिज की ओर जाने वाली सड़क के डिवाइडर पर घने पेड़ों और बंद स्ट्रीट लाइट के कारण रात में अंधेरा रहता था। यह स्टेशन और राजबाड़ा की ओर जाने वाला प्रमुख मार्ग है, इसलिए यहां हादसे का खतरा बना रहता था। शिकायत सामने आने के बाद वार्ड 47 के पार्षद नंदकिशोर पहाड़िया ने मामले का संज्ञान लिया और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त कराई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिली। एप से लोगों को मिल रहा समाधान द्वारकापुरी: मंदिर के सामने से हटी गंदगी, मिली राहत वार्ड 85 के द्वारकापुरी की श्रद्धा सबूरी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के सामने रहने वाले बजरंगी सतीश शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मंदिर के सामने लंबे समय से कचरा और गंदगी जमा थी। 311 हेल्पलाइन पर शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत सामने आने के बाद संबंधित विभाग ने मौके पर सफाई कराकर गंदगी हटाई। समाधान की पुष्टि शिकायतकर्ता ने एप पर की। स्ट्रीट लाइट, सड़क और ड्रेनेज की समस्याओं से परेशान इंदौरवासी विजय नगर: एक महीने से बंद स्ट्रीट वार्ड 29 के विजय नगर के स्कीम नंबर 54 स्थित सेक्टर ईके माताजी गार्डन के पास निवासी अरविंद जैन ने शिकायत दर्ज कराई है कि पिछले एक महीने से स्ट्रीट लाइट और गार्डन लाइट बंद हैं। रात में अंधेरा रहने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। वार्ड 77: झुके बिजली के खंभों से हादसे का खतरा वार्ड 77 की निवासी हीना पवार ने शिकायत दर्ज कराई है कि वार्ड 77 की नई बस्ती, प्रथम गैस गोदाम के पास बिजली के खंभों की उचित व्यवस्था नहीं है। रहवासियों ने चंदा करके खंभे लगवाए थे, लेकिन उन पर लगातार तारों का भार बढ़ने से खंभे टेढ़े हो गए हैं। इससे कभी भी हादसा होने का खतरा बना हुआ है। आयुषी फार्म कॉलोनी: सड़क और ड्रेनेज की सुविधा नहीं वार्ड 77 की आयुषी फार्म कॉलोनी, अनुराधा नगर के रहवासियों ने शिकायत दर्ज कराई है कि कॉलोनी में सड़क और ड्रेनेज की सुविधा नहीं है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और पानी जमा हो जाता है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। रहवासियों के अनुसार कई बार पार्षद और विधायक को शिकायत करने के बावजूद अब तक समाधान नहीं हुआ है। स्कीम नंबर 51: टूटा चैंबर और सड़क पर निर्माण सामग्री से परेशानी वार्ड 13 के अवंतिका नगर, स्कीम नंबर 51 निवासी मनोहर राजावत ने शिकायत दर्ज कराई है कि नर्मदा लाइन के चैंबर का कवर क्षतिग्रस्त है। वहीं मुख्य सड़क पर निर्माण सामग्री रखे जाने से रास्ता बाधित हो रहा है। पास में स्कूल होने के कारण बच्चों और राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। शिकायतकर्ता ने जल्द समाधान की मांग की है। पब्लिक को आवाज देने का डिजिटल प्लेटफॉर्म दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की सिविक समस्याएं सीधे पोस्ट कर सकते हैं। शिकायत संबंधित विभाग और जिम्मेदारों तक पहुंचती है। समस्या का समाधान होने पर यूजर्स इसकी जानकारी एप पर अपडेट भी कर सकते हैं। अधिकारी भी बता सकेंगे, क्या कार्रवाई की इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी अपनी कार्रवाई की जानकारी भी साझा कर सकते हैं। अधिकारी मैप पर शिकायत की लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं और समाधान होने पर एप के जरिए इसकी जानकारी दे सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ बदलाव की पहल ‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य शहर के अलग-अलग हिस्सों की समस्याओं को सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाना है, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद हो और जनसमस्याओं का जल्द समाधान हो सके।
