खंडवा में होटल से खरीदे गए कोल्हापुरी मटन में चूहा मिलने का मामला सामने आया है। खानशावली क्षेत्र के एक परिवार का आरोप है कि कहारवाड़ी स्थित होटल बिस्मिल्लाह से खरीदे गए मटन में चूहे का हिस्सा निकला। परिवार के 15 वर्षीय बालक ने खाना खाते समय उसे खा लिया। जिसके बाद उसे उल्टियां होने लगीं और तबीयत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने करीब दो घंटे इलाज के बाद उसकी हालत सामान्य होने पर उसे डिस्चार्ज कर दिया। मामले की शिकायत 181 सीएम हेल्पलाइन पर किए जाने के बाद फूड सेफ्टी विभाग ने होटल पहुंचकर मटन और चिकन के सैंपल लिए हैं। होटल से खरीदे कोल्हापुरी मटन में चूहा मिलने का दावा घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। शहर के खानशावली क्षेत्र में रहने वाले रहमान खान ने कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित होटल बिस्मिल्लाह से कोल्हापुरी मटन खरीदा था। वह मटन का पार्सल घर लेकर पहुंचे और परिवार के बच्चों को खाना परोसा। खाना खाते समय परिवार के छोटे बेटे की थाली में मटन का एक टुकड़ा आया, जिसमें कुछ अलग दिखाई दिया। रहमान खान के अनुसार, बच्चे की थाली में रखे मटन के एक टुकड़े से पूंछ जैसी चीज दिखाई दे रही थी। परिवार ने उस टुकड़े को बाहर निकालकर गौर से देखा तो उसमें चूहे का हिस्सा होने का दावा किया गया। इसके बाद परिवार के लोग घबरा गए। इसी दौरान 15 वर्षीय बालक की तबीयत भी बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। 15 वर्षीय बालक ने चूहा निगलने का दावा परिवार का कहना है कि खाना खाते समय बालक ने चूहे का कुछ हिस्सा निगल लिया था। थाली में चूहे की पूंछ और शरीर का कुछ हिस्सा दिखाई देने के बाद परिवार को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद बालक की तबीयत खराब होने लगी। परिवार ने बिना देर किए उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। दो घंटे इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज तबीयत बिगड़ने के बाद बालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज किया और उसकी हालत पर निगरानी रखी। परिवार के मुताबिक, करीब दो घंटे इलाज के बाद बालक की स्थिति सामान्य हो गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। ग्राहक ने 181 सीएम हेल्पलाइन पर की शिकायत घटना के बाद रहमान खान ने मामले की शिकायत 181 सीएम हेल्पलाइन पर की। शिकायत मिलने के बाद फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने मामले को गंभीरता से लिया। विभाग की टीम ने शिकायतकर्ता से बातचीत की और उस होटल की जानकारी ली, जहां से परिवार ने मटन खरीदा था। फूड सेफ्टी टीम होटल पहुंची शिकायत के बाद फूड सेफ्टी विभाग की टीम होटल बिस्मिल्लाह पहुंची। फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर राधेश्याम गोले ने होटल में उपलब्ध मटन और चिकन की जांच की। टीम ने दोनों के अलग-अलग सैंपल लिए, ताकि उनकी जांच कराई जा सके और खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सके। रात का बना मटन नहीं मिला फूड सेफ्टी विभाग की टीम जब होटल पहुंची, उस समय शुक्रवार रात तैयार किया गया मटन उपलब्ध नहीं था। इसके चलते टीम ने होटल में मौजूद ताजा मटन और चिकन के अलग-अलग सैंपल लिए। इन सैंपलों की जांच के बाद ही खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और मानकों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। होटल कारोबारी ने साजिश का आरोप लगाया मामले में होटल कारोबारी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए इसे साजिश बताया। कारोबारी ने फूड सेफ्टी विभाग की कार्रवाई के दौरान कहा कि उसका होटल करीब 30 साल से चल रहा है और उसे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उसने यह भी कहा कि होटल में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और वह पार्सल में मटन रखने से पहले एक-एक बोटी देखकर रखता है। एसपी से भी शिकायत की होटल कारोबारी ने मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की है। उसने अपने खिलाफ किए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार पर कार्रवाई की मांग की है। कारोबारी का कहना है कि लंबे समय से होटल का कारोबार चल रहा है और इस तरह की घटना को लेकर लगाए जा रहे आरोप से उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है। ग्राहक ने होटल से ही चूहा आने का दावा किया वहीं शिकायतकर्ता रहमान खान अपने आरोप पर कायम हैं। उनका कहना है कि चूहा होटल से खरीदे गए मटन में ही मिला था। रहमान के मुताबिक, मटन का पार्सल होटल से घर लाया गया और उसे थाली में निकालने के बाद उसमें चूहा दिखाई दिया। उनका कहना है कि इसी दौरान परिवार के एक बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। सैंपल की जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट फूड सेफ्टी विभाग की ओर से लिए गए मटन और चिकन के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले में ग्राहक और होटल कारोबारी की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं और खाद्य विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
