Homeमध्यप्रदेशभगवान श्रीकृष्ण की बना दी छह उंगलियां:डिप्टी सीएम को रोका, छात्राएं बोलीं-...

भगवान श्रीकृष्ण की बना दी छह उंगलियां:डिप्टी सीएम को रोका, छात्राएं बोलीं- सड़क बनवाओ; दतिया हार के बाद नेताओं की दिल्ली दौड़

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। संस्कृति विभाग ने कर दी बड़ी गलती
सरकार ने भगवान श्रीकृष्ण की छह उंगलियां बना दीं। यह गलती संस्कृति विभाग से हुई है। दरअसल, विभाग के श्रीकृष्ण पाथेय न्यास ने महर्षि सांदीपनि के जीवन, व्यक्तित्व और योगदान पर आधारित एक पुस्तिका प्रकाशित करवाई है। पुस्तिका के बैककवर पर भगवान श्रीकृष्ण के हाथ में बांसुरी पकड़े दिखाया गया है। तस्वीर में भगवान कृष्ण के हाथ में छह उंगलियां नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर एआई की मदद से तैयार की गई है। लेकिन इसे प्रकाशित करने से पहले किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। अब यह पुस्तिका बंट भी चुकी है। इसके बाद संस्कृति विभाग की किरकिरी हो रही है। खास बात यह है कि छह उंगलियों वाली यह तस्वीर सिर्फ बैककवर पर ही नहीं, बल्कि पुस्तिका के अंदर अलग-अलग शीर्षकों के ऊपर भी छापी गई है। इधर, हाल ही में छात्राओं से संवाद के एक कार्यक्रम में एक सवाल के जवाब में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा था कि एआई का उपयोग करना चाहिए, लेकिन एआई का उपयोग दिमाग खोलकर भी करना है। उन्होंने यह भी कहा कि एक बार क्रॉस चेक जरूर करना चाहिए। अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि अगर अधिकारी सीएम की इस सोच पर काम करते और एआई से बनी तस्वीर को एक बार क्रॉस चेक कर लिया होता, तो शायद भगवान श्रीकृष्ण की छह उंगलियां नहीं बनतीं और विभाग की किरकिरी भी होने से बच जाती। डिप्टी सीएम को रोका, सड़क की मांग
देवास में स्कूली छात्र-छात्राओं ने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा को रोका और कहा- सर, हमारी सड़क बनवा दीजिए। छात्राओं ने देवड़ा से कहा कि हमारे गांव में पूरी सड़क पर कीचड़ हो रहा है। स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। कई बार गिर जाते हैं, जिससे कपड़े खराब हो जाते हैं। खराब रास्ते की वजह से स्कूल पहुंचने में भी देरी हो जाती है। हर बारिश में यही परेशानी होती है। इस पर डिप्टी सीएम ने छात्र-छात्राओं को जल्द सड़क बनवाने का भरोसा दिया और वहां से चले गए। इधर, बच्चे यह भी कहते नजर आए कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर जाएंगे और अपनी बात उठाएंगे। दतिया में हार के बाद नेताओं की दिल्ली दौड़
दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा में भोपाल से लेकर दिल्ली तक हाहाकार मचा है। नतीजों के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह से लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और सांसद वीडी शर्मा पार्टी के शीर्ष नेताओं से मिल चुके हैं। अब लोग इसे दतिया की हार के चिंतन-मनन से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि कुछ लोग ये भी कयास लगा रहे हैं कि पार्टी संगठन में किसी बड़े बदलाव की तैयारी है। इधर, दतिया उपचुनाव में चर्चा का केंद्र रहे पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी दिल्ली की दौड़ लगाई। हालांकि मीडिया के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी भी नेता से मिलने का समय नहीं मांगा। वे अपने निजी काम से यहां आए हैं। अब सवाल यही है कि क्या भाजपा संगठन में बदलाव की खिचड़ी पक रही है या दतिया की हार पर चिंतन-मनन हो रहा है। जो भी हो, ये भाजपा है। कुछ भी चौंकाने वाला सामने आ सकता है। और अब अंदर की बात.. नगर निगम कमिश्नर की विदाई की तैयारी
मध्य प्रदेश के एक बड़े नगर निगम की कमिश्नर से सरकार बेहद नाराज चल रही है। अब इस अधिकारी की विदाई लगभग तय मानी जा रही है। दरअसल, कमिश्नर ने एक मामले में सरकार के खिलाफ ही कोर्ट में हलफनामा पेश कर दिया। इसी हलफनामे के आधार पर कोर्ट ने सरकार के खिलाफ आदेश सुना दिया। अब चर्चा है कि जो अगली ट्रांसफर लिस्ट जारी होगी, उसमें इस अधिकारी का नाम भी शामिल होना तय माना जा रहा है। ये वही अधिकारी हैं, जिन्हें पिछले तबादले के दौरान पालकी में बैठाकर विदाई दी गई थी। अब प्रशासनिक गलियारों में चुटकी ली जा रही है कि क्या इस अधिकारी के लिए फिर से नई पालकी तैयार हो रही है? इनपुट सहयोग – महेश सोलंकी (देवास) ये भी पढ़ें –
मोहन यादव से बोली लड़की- सारे नेता बेईमान, चोर हैं: फ्रंट पर आने के लिए विधायक का संघर्ष कोई आपके बारे में जानता न हो और आपके सामने ही आपके लिए कुछ भी बोल दे, तो आपको कैसा महसूस होगा? मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपना ऐसा ही एक अनुभव साझा किया। एक लड़की ने उनके सामने कह दिया कि सारे विधायक बेईमान होते हैं, सब नेता चोर होते हैं। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here