मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे। सीएम सबसे पहले प्रशांति धाम के समीप स्थित नगर निगम भवन पहुंचे। यहां उन्होंने हथकरघा दिवस पर महिलाओं से मुलाकात की। इसके बाद मुख्यमंत्री उज्जैन के उद्यान मार्ग पर जजों के लिए बनने वाले गेस्ट हाउस के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत भी उज्जैन आए थे। सुप्रीम कोर्ट के जज विक्रम नाथ, हाईकोर्ट जस्टिस विवेक रूसिया, जस्टिस एससी शर्मा, विवेक अग्रवाल, संजीव सचदेवा सहित कई जज कार्यक्रम में शामिल हुए। 18.66 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक गेस्ट हाउस चीफ जस्टिस सूर्यकांत का स्वागत सीएम डॉ. मोहन यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर पूजन-पाठ कर चीफ जस्टिस ने भूमि पूजन किया। 18.66 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले गेस्ट हाउस में 15 सुइट रूम, 4 वीआईपी रूम सहित 10 अलग-अलग कमरे होंगे। इसे 3,820 वर्गमीटर क्षेत्र में जी+2 मंजिला बनाया जाएगा। बुनकरों और हितग्राहियों से मिले गेस्ट हाउस के भूमिपूजन कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री प्रशांति धाम के समीप स्थित नगर निगम भवन पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय बुनकरों और अन्य हितग्राहियों से मुलाकात की। शुक्रवार को बाबा साहब नातू सामुदायिक भवन, प्रशांति धाम के पास, इंदौर रोड पर कौशल एवं तकनीकी विकास योजना के अंतर्गत ‘हैण्डलूम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने सेंटर में उपस्थित महिलाओं से चर्चा कर हथकरघा उद्योग के बारे में जानकारी ली। प्रशिक्षण केंद्र पर डॉ. यादव ने चरखा भी चलाया। उन्होंने कहा कि इस ट्रेनिंग सेंटर के प्रथम तल पर निरंतर प्रशिक्षण का आयोजन किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके।
