छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक युवती ने पीछा कर रहे युवक को बीच सड़क पर रोककर उसकी चप्पल से पिटाई कर दी। युवती ने आरोप लगाया कि युवक कुछ महीने पहले भी एक मॉल में उसका पीछा कर रहा था। अब दोबारा घर जाते समय युवती को वह युवक फिर दिखाई दिया। इसके बाद उसने हिम्मत दिखाते हुए युवक को सड़क पर रोक लिया और चप्पल से पीटा फिर उसे कई थप्पड़ भी मारे। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने भी युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। युवती ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया। युवक की पहचान स्मृति नगर निवासी 29 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। यह मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पहले देखिए तस्वीरें अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, यह मामला गुरुवार की रात की है। लड़की जब स्कूटी से अपने घर लौट रही थी। तभी स्मृति नगर में एक युवक स्कूटी से उसका पीछा कर रहा था। इसी दौरान कुछ दूर पर युवक सड़क के किनारे खड़ा था। तभी लड़की वहां पहुंची और उसने युवक से पूछा कि तुझे क्या लगता है, मैं देखी नहीं तुझे मेरा पीछा करते हुए। क्यों पीछा कर रहा है तू। इसके बाद लड़की ने बीच सड़क पर युवक को चप्पल से जमकर पिटाई कर दी। युवती ने खुद रिकॉर्ड किया वीडियो युवती ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया। वीडियो में वह युवक से सवाल पूछती और उस पर पीछा करने का आरोप लगाती नजर आती है। कुछ लोग युवक को पकड़कर खड़े रहते हैं, जबकि युवती लगातार उससे जवाब मांगती है। बाद में उसने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपलोड कर दिया। वीडियो में लड़की और युवक के बीच हुई झड़प युवक बोला मैं किसी का वेट कर रहा हूं। लड़की ने कहा, तू किसी का वेट नहीं कर रहा है। मैं मॉल में भी वीडियो बनाई हूं। तू मेरा वापस क्यों पीछा कर रहा है। मैं देखी नहीं तुझे आगे से मुड़ते हुए। इस पर युवक ने कहा, एक्चुयली मैं आपसे बात करना चाह रहा था। लड़की ने गुस्से में कहा, क्यों बात करना चाहता है। लड़का बोला- सॉरी बोल रहा हूं। लड़की ने कहा- क्या सॉरी बोलेगा तू। इसके बाद लड़की ने बीच सड़क पर युवक को चप्पल से जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद लड़की ने कहा, तुम जैसे लड़कों के कारण ही लड़कियां सेफ फील नहीं कर रही हैं। इतने में आसपास खड़े लोग भी मामला देखकर वहां जुट गए और युवक को पकड़ लिया। किसी ने तुरंत पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। 10 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा वीडियो सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो गया है। इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए इस वीडियो को अब तक 10 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो पर बड़ी संख्या में लोग अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। कुछ लोग युवती के साहस की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। युवती का दावा- पहले भी कर चुका था पीछा युवती का कहना है कि कुछ महीने पहले एक मॉल में भी यही युवक उसका पीछा करता मिला था। उस समय वह किसी तरह वहां से निकल गई थी। इस बार घर लौटते समय उसने युवक को फिर अपने पीछे देखा। उसे पहचानने के बाद उसने अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वहीं उसका सामना किया और लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने के बाद युवक को हिरासत में लेकर सुपेला थाना लाया गया। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। ………………………….. क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… लड़कियों की गुंडागर्दी, सेल्फी लेते समय हंसने पर पीटा, VIDEO:रायगढ़ में युवती को जड़े थप्पड़, बाल खींचे, लात मारी, कपड़े उतारने की कोशिश छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के मरीन ड्राइव में 2 युवतियों ने मिलकर एक लड़की को पीटा है। 19 वर्षीय पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसके मुताबिक, 2 नाबालिग युवतियां सेल्फी ले रही थी, तभी पीड़िता पर उन्हें देखकर हंसने का आरोप लगाते हुए उन्होंने गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर थप्पड़ जड़े। पढ़ें पूरी खबर…
