खंडवा में लंबी खेंच के बाद सोमवार रात को बारिश हुई। सवा 8 बजे से तकरीबन एक घंटे तक पानी गिरा। पहले रिमझिम और आखिरी में तेज बरसकर शांत हो गया। 12 दिन से बारिश के बिना उमस और गर्मी का मौसम था। दिन में धूप और सुबह-शाम ठंडक के चलते बादल कमजोर पड़ गए थे। इधर, एक घंटे की बारिश ने गर्मी और उमस से राहत दिलाई तो वहीं फसलों को बूस्टर डोज दे गया। हालांकि कुछ देर की बारिश सिर्फ फसल के पत्तों को छू सकी हैं। उनकी जड़ों तक पानी नहीं पहुंच पाया। खेत की मिट्टी भी नहीं भीग पाई। यह जरूर है कि आसमानी पानी लगने से फसलों को जीवनदान मिला है। मुरझाने जैसे संकट को टाल दिया है। मौसम पूर्वानुमान की बात की जाए तो मंगलवार से बारिश के और मजबूत होने के आसार हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि कल से अच्छी बारिश के आसार बन रहे है।
