Homeमध्यप्रदेश12 दिन बाद लौटा मानसून; जल संकट बरकरार:बारिश के बावजूद दो दिन...

12 दिन बाद लौटा मानसून; जल संकट बरकरार:बारिश के बावजूद दो दिन छोड़कर होगी जलापूर्ति, 23 जुलाई को निकलेगी इन्द्रदेव प्रार्थना यात्रा

मंदसौर जिले में 12 दिन के लंबे अंतराल के बाद सोमवार को मानसून ने वापसी की। जिला मुख्यालय सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई। हालांकि, यह बारिश ज्यादा देर तक नहीं चली, लेकिन इससे उमस और गर्मी से आंशिक राहत मिली। जिले में आखिरी अच्छी बारिश 8 जुलाई को हुई थी। 9 जुलाई की रात को जिला मुख्यालय और कुछ अन्य क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई थी, जिसके बाद से बारिश लगभग थम गई थी। इस लंबे सूखे दौर ने किसानों की चिंता बढ़ा दी थी। सोमवार सुबह तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे। दोपहर में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन जल्द ही धूप फिर निकल आई। शाम को बादल छाए और लगभग 15 से 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। इसके बाद बारिश रुक गई। देर रात तक जिला मुख्यालय में हल्की बूंदाबांदी जारी रही। जिला मुख्यालय के अतिरिक्त पिपलिया मंडी, नारायणगढ़, सोनगरी, मल्हारगढ़, सुठोद, बरखेड़ा शाहिद और आसपास के क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। हालांकि, जिले के अधिकांश हिस्से अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। खेतों की नमी कम हो चुकी
लगातार शुष्क मौसम के कारण खेतों की नमी कम हो गई है। इससे सोयाबीन और मक्का सहित खरीफ फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। जिले में अब तक औसतन 10.10 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 12.69 इंच से लगभग ढाई इंच कम है। जुलाई के दूसरे सप्ताह में बारिश का लंबा अंतराल किसानों के लिए चिंता का मुख्य कारण बना हुआ है। कम बारिश के कारण शहर के प्रमुख जल स्रोतों का जलस्तर घटने लगा है। इसे देखते हुए नगर पालिका के जल कार्य विभाग ने पेयजल वितरण व्यवस्था में बदलाव किया है। अब शहर के अधिकांश क्षेत्रों में एक दिन छोड़कर होने वाली जलापूर्ति के स्थान पर दो दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति की जाएगी। दो दिन छोड़कर होगी पानी की सप्लाई
विभाग के निर्णय के अनुसार, 19 जुलाई को जिन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई हुई थी, वहां अगली सप्लाई 22 जुलाई को होगी। इसी प्रकार 20 जुलाई को जिन क्षेत्रों में पानी दिया जाएगा, वहां अगली सप्लाई 23 जुलाई को की जाएगी। हालांकि खानपुरा क्षेत्र और पुराने शहरी किला जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में पहले की व्यवस्था जारी रहेगी। यहां एक दिन छोड़कर 40 मिनट तक पानी की सप्लाई होती रहेगी। नगर पालिका ने नागरिकों से पानी का अनावश्यक उपयोग नहीं करने, जल की बर्बादी रोकने तथा जल वितरण के दौरान विद्युत मोटर का उपयोग नहीं करने की अपील की है, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक समान रूप से पानी पहुंच सके। अगले तीन दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश, 22 जुलाई को गरज-चमक के साथ बारिश तथा 23 जुलाई को जिले के कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो किसानों की फसलों के साथ-साथ शहर के जल स्रोतों को भी बड़ी राहत मिलेगी। 23 को इन्द्रदेव प्रार्थना-कीर्तन यात्रा
इधर, जिले में अल्प वर्षा की स्थिति को देखते हुए सर्व समाज ने 23 जुलाई (गुरुवार) को सुबह 9 बजे तलाई वाले बालाजी मंदिर (बालागंज) से भगवान इन्द्रदेव प्रार्थना-कीर्तन यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। यात्रा पशुपतिनाथ मंदिर तक पहुंचेगी। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यदि 23 जुलाई को बारिश होती है, तब भी यात्रा पूर्व निर्धारित समय पर ही निकाली जाएगी। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इसे जनकल्याण, सर्वधर्म सौहार्द और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बताते हुए नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here