मंडला जिला मुख्यालय से एक वीडियो सामने आया है। उसमें एक शख्स ने दूसरे शख्स को रिक्शा की सीट से बांध दिया और उसी से रिक्शा चलवाते हुए, 2 किलोमीटर तक चप्पल और छाते से पीटते हुए कोतवाली थाने ले गया। रास्तेभर करीब दस मिनट तक रिक्शा चालक को पीटा गया। शहर के भीड़भाड़ वाले रास्ते पर हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब शेयर हो रहा है। घटना बुधवार की बताई जा रही है। जिसका वीडियो गुरुवार को सामने आया। यह पूरा मामला रेडक्रॉस भवन से लेकर कोतवाली थाने के बीच का है। रिक्शा में बैठकर मार रहे शख्स का कहना था कि रिक्शा चला रहा आदमी उसके सिर पर चोट मारकर भागने की कोशिश कर रहा था, इसलिए वह उसे पकड़कर थाने ले जा रहा था। पिटाई की 4 तस्वीरें देखिए- सिर पर डंडा मारने से शुरू हुआ विवाद पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रिक्शा चला रहे व्यक्ति का नाम ज्ञान सिंह धुर्वे (50 वर्ष) है, जो मोहगांव का रहने वाला है। वहीं, रिक्शा में बैठे घायल शख्स का नाम संतोष आमों है, जो डिंडौरी जिले का निवासी है। ये दोनों मंडला में रिक्शा चलाने और मजदूरी का काम करते हैं। बुधवार को किसी बात पर इन दोनों के बीच झगड़ा हो गया था। इस दौरान ज्ञान सिंह ने संतोष के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसे गहरी चोट आ गई। इसके बाद गुस्से में संतोष ने ज्ञान सिंह को रिक्शा चालक की सीट पर रस्सी से बांध दिया और उसी से रिक्शा खिंचवाते हुए थाने की तरफ चल पड़ा। रास्ते भर वह उसे चप्पल और छाते से मारता भी रहा। अस्पताल में भर्ती और पुलिस जांच शुरू कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान के अनुसार घायल संतोष को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
