रायसेन जिले के ग्राम नगरी में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जमीनी विवाद में चाकूबाजी हो गई। खेत में बुआई करने से रोकने गए 61 वर्षीय विष्णु प्रसाद सेन की उनके सगे भाई के परिवार ने चाकू मारकर हत्या कर दी। इस हिंसक झड़प में मृतक के दो बेटे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष चाकू मारते हुए दिखाई दे रहे है। देखें 3 तस्वीरें…
खेत पर बुआई रोकने गए थे पिता-पुत्र गौहरगंज पुलिस के अनुसार, ग्राम चिकलोद निवासी विष्णु प्रसाद सेन (61) अपने बेटों अखिलेश और अजय सेन के साथ ग्राम नगरी स्थित खेत पर गए थे। वहां उनका भाई नारायण सेन खेत जोत रहा था। जब विष्णु प्रसाद ने उसे बुआई करने से मना किया, तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष ने धारदार हथियारों और चाकुओं से हमला कर दिया। एम्स भोपाल में इलाज के दौरान तोड़ा दम हमले के दौरान आरोपी नारायण सेन ने जान से मारने की नीयत से विष्णु प्रसाद सेन की रीढ़ की हड्डी पर चाकू से गहरा वार किया। उन्हें गंभीर हालत में तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें भोपाल एम्स रेफर कर दिया। भोपाल में इलाज के दौरान विष्णु प्रसाद की मौत हो गई। इस मारपीट में मृतक के बेटे अखिलेश के गर्दन पर और अजय के कंधे पर चाकू के गंभीर घाव आए हैं, जिनका इलाज जारी है। बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज, सभी आरोपी राउंडअप गौहरगंज थाना पुलिस ने फरियादी अजय सेन की शिकायत पर केस दर्ज किया है। उप निरीक्षक विनोद परमार ने मुख्य आरोपी नारायण सेन (65), उसकी पत्नी शांति बाई (62), बेटी अंजली (38) और दामाद संजू सेन उर्फ अनिल (42) को हिरासत में ले लिया है। ढाई महीने पहले भी हुआ था विवाद गौहरगंज थाना प्रभारी विजय परमार ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। करीब ढाई महीने पहले भी इनके बीच झगड़ा हुआ था, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। मंगलवार को हुई इस वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
