नर्मदापुरम जिले की सिवनी मालवा तहसील कार्यालय के सामने किसानों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। मांगों पर सुनवाई न होने से नाराज आंदोलनकारी किसानों ने मंगलवार रात सरकार की सद्बुद्धि के लिए तहसील कार्यालय के सामने ही हवन-पूजन किया। किसान 100 प्रतिशत मूंग खरीदी के लिए धरना दे रहे हैं। हवन-पूजन के दौरान बड़ी संख्या में किसान देर रात तक धरना स्थल पर डटे रहे। किसानों ने आहुति देते हुए प्रार्थना की कि सरकार को सद्बुद्धि मिले, किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य और लाभकारी दाम मिले और शासन उनके हितों की रक्षा के लिए संवेदनशीलता से निर्णय ले। सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पटवारे ने बताया कि किसान कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि जब लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई, तो किसानों ने धार्मिक आस्था का सहारा लेकर भगवान से सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की और हवन किया। पटवारे ने साफ किया कि इस हवन का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है, यह सिर्फ किसानों की पीड़ा को उजागर करने और अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने का एक जरिया है। मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना धरने पर बैठे किसानों ने एक सुर में चेतावनी दी है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस और सकारात्मक फैसला नहीं लेती, तब तक तहसील कार्यालय के सामने उनका यह अनिश्चितकालीन आंदोलन लगातार जारी रहेगा। हवन के बाद किसानों ने एकजुटता दिखाते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
