मुरैना में मंगलवार को दिनदहाड़े एक निजी स्कूल से 4 साल के बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। स्कूल की छुट्टी होते ही स्कूटी सवार युवक मासूम को गोद में उठाकर ले गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर तलाश शुरू कर दी है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की गायत्री कॉलोनी, गोपालपुरा स्थित रेन बो स्कूल की है। अपहृत बच्चे की पहचान कार्तिकेय राजपूत (4) के रूप में हुई है। वह रेन बो प्ले स्कूल में पढ़ता है। पारिवारिक अनबन के कारण उसकी मां इशू यादव पति निलेश राजपूत से अलग होकर अपने मायके में रहती है। कार्तिकेय भी मां के साथ ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शी बोले- स्कूटी से आए थे दो युवक प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूल की छुट्टी के बाद एक युवक कार्तिकेय को गोद में उठाकर स्कूटी तक ले गया। इसके बाद दोनों युवक बच्चे को लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात स्कूल के बाहर लगे कैमरों में भी कैद हुई है। देखिए दो तस्वीरें मां ने संदिग्धों को पहचानने से किया इनकार जांच के दौरान पुलिस ने बच्चे की मां को सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्धों के चेहरे भी दिखाए, लेकिन उन्होंने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया। सीएसपी दीपाली चंदेरिया ने बताया कि शुरुआती जांच में बच्चे की मां और पिता के बीच विवाद की जानकारी मिली है। पिता मुंबई में रहकर काम करता है, जबकि मां दिल्ली और आगरा में रहती है। मां के मुरैना पहुंचने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। बच्चे के पिता का मोबाइल बंद मिला पुलिस को फिलहाल बच्चे के पिता का मोबाइल बंद मिला है। मामले से जुड़े सभी लोगों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं। पुलिस शहरभर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एक टीम धौलपुर की ओर भी रवाना की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। नाना-नानी के पास रहता था कार्तिकेय कार्तिकेय की नानी ममता यादव ने बताया कि वह आशा कार्यकर्ता हैं। उनकी बेटी इशू यादव की शादी वर्ष 2019 में मुंबई निवासी निलेश यादव से हुई थी, जो गुटखे का कारोबार करता है। पारिवारिक परिस्थितियों के चलते इशू पति से अलग रह रही है और बेटे के पालन-पोषण के लिए आगरा में टीचिंग का काम करती है। कार्तिकेय अपने नाना-नानी के घर रहकर रेन बो प्ले स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही इशू यादव मुरैना पहुंचीं। कोतवाली थाने में पुलिस ने उनसे पूछताछ की। यह खबर भी पढ़ें 22 साल की मां, 3 माह की बच्ची का अपहरण शिवपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती और उसकी तीन माह की बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। युवती के लिव-इन पार्टनर ने अपने 8 से 10 साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया है। पढ़ें पूरी खबर भोपाल के अस्पताल से 6 साल का मासूम लापता भोपाल के ईदगाह हिल्स इलाके की बाजपेयी नगर मल्टी में रहने वाला 6 वर्षीय अंश मैना लापता हो गया। वह किंडरगार्डन का छात्र है। घटना के समय उसकी मां लालघाटी स्थित मल्टी केयर अस्पताल में भर्ती थीं। बच्चा अस्पताल परिसर के आसपास खेल रहा था। पढ़ें पूरी खबर
