मंदसौर जिले के सीतामऊ में एक ढाबे पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात हुए विवाद का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना नक्षत्र ढाबे पर हुई बताई जा रही है। इस मामले में भाजपा नेता निलेश जैन उर्फ सोनू और राहुल सूर्यवंशी उर्फ राहुल हटेला के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। वहीं, दूसरे पक्ष ने ढाबा संचालक और उसके साथियों पर मारपीट तथा जातिसूचक शब्द कहने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ढाबा संचालक अनिरुद्ध वैष्णव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 जुलाई की रात भाजपा नेता निलेश जैन उर्फ सोनू, राहुल सूर्यवंशी उर्फ राहुल हटेला और अरविंद परमार उनके ढाबे पर खाना खाने आए थे। आरोप है कि तीनों शराब के नशे में थे और अन्य ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे। जब उन्हें शांत रहने को कहा गया, तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत में आगे कहा गया है कि जब अनिरुद्ध अपने पिता विनोद वैष्णव को बुलाने कमरे की ओर गए, तो तीनों उनके पीछे पहुंच गए। आरोप है कि राहुल हटेला ने पत्थर उठाकर अनिरुद्ध के सिर पर हमला कर दिया और फिर उनके साथ मारपीट की। इस हमले में अनिरुद्ध को चोटें आईं। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। दूसरी ओर, राहुल सूर्यवंशी उर्फ राहुल हटेला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने साथियों के साथ ढाबे पर खाना खाने गए थे। उन्होंने गर्म खाना लाने के लिए कहा, तो ढाबा संचालक अनिरुद्ध वैष्णव ने कथित तौर पर अपमानजनक बातें कहीं। राहुल की शिकायत के अनुसार, अनिरुद्ध ने गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और लकड़ी से उन पर हमला कर दिया। इसके बाद जय वैष्णव और पप्पू वैष्णव भी वहां आ गए और राहुल के साथ मारपीट की।
