मुरैना जिले की दिमनी विधानसभा क्षेत्र में पीपरीपुरा-जौहां-श्यामपुर खुर्द सड़क निर्माण की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है। सड़क निर्माण शुरू नहीं होने से नाराज युवक नवीन सिंह तोमर पिछले 24 घंटे से अधिक समय से भूख-प्यास त्यागकर आमरण अनशन पर बैठा है। शुक्रवार सुबह शुरू हुए इस आंदोलन को अब ग्रामीणों और परिजनों का भी समर्थन मिलने लगा है। इससे पहले नवीन सिंह तोमर ने अपने गांव से सांसद के निवास और कार्यालय तक करीब 25 किलोमीटर की दंडवत यात्रा शुरू की थी। वह लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय कर चुके थे, तभी सांसद के पुत्र गौरव तोमर मौके पर पहुंचे और अगले दिन से सड़क निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया। इस भरोसे पर उन्होंने दंडवत यात्रा समाप्त कर दी, लेकिन निर्धारित समय पर निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से उन्होंने दोबारा आमरण अनशन शुरू कर दिया। 24 घंटे बाद भी नहीं पहुंचे जनप्रतिनिधि
आंदोलनकारी युवक का आरोप है कि अनशन शुरू होने के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई जनप्रतिनिधि उनसे मिलने नहीं पहुंचा और न ही किसी ने फोन पर संपर्क किया। इससे ग्रामीणों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है। अधिकारियों ने दिया आश्वासन, युवक अड़ा
अनशन स्थल पर अंबाह विकासखंड प्रशासन, तहसील और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया, लेकिन नवीन सिंह तोमर ने स्पष्ट कहा कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मौके पर काम शुरू होने के बाद ही वह अनशन समाप्त करेंगे। टेंडर और भूमिपूजन के बाद भी निर्माण नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण का टेंडर पहले ही जारी हो चुका है। 13 अप्रैल को विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक ने सड़क निर्माण का भूमिपूजन भी किया था। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने संबंधित ठेकेदार को कार्य शुरू करने के निर्देश दिए, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। सांसद ने आंदोलन को बताया पब्लिसिटी स्टंट
इस पूरे मामले पर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने आंदोलन को पब्लिसिटी स्टंट बताया है। वहीं आंदोलनकारी और ग्रामीणों का कहना है कि यह किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि वर्षों से खराब सड़क की समस्या झेल रहे पूरे क्षेत्र की आवाज है। लगातार भूखे-प्यासे रहने से नवीन सिंह तोमर की तबीयत भी प्रभावित होने लगी है। इसके बावजूद उन्होंने साफ कहा है कि सड़क निर्माण शुरू होने तक वह अपना अनशन समाप्त नहीं करेंगे। बेटे की अपील ने भावुक किया
अनशन के दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला। नवीन सिंह तोमर का पांच वर्षीय बेटा स्कूल का टिफिन और पानी की बोतल लेकर पिता के पास पहुंचा। उसने पिता से खाना खाने की अपील करते हुए कहा, “पापा, खाना खा लो, सड़क नहीं चाहिए।” इस पर नवीन ने कहा, “या तो सड़क बनेगी, या फिर मेरी अर्थी उठेगी।” इस दृश्य ने मौके पर मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। ठेकेदार पर पीडब्ल्यूडी ने जताई नाराजगी
पीडब्ल्यूडी के अंबाह अनुविभागीय अधिकारी एल.एन. गुप्ता ने कहा कि संबंधित ठेकेदार कंपनी मेसर्स यादव कंस्ट्रक्शन को कई बार काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ स्तर से नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं, लेकिन ठेकेदार की ओर से अब तक काम शुरू नहीं किया गया। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि यदि समय पर निर्माण शुरू हो जाता तो यह स्थिति नहीं बनती।
