स्वास्थ्य विभाग ने इंदौर में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए 166 मेडिकल स्टाफ केअटैचमेंट तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिए हैं। सभी को जिला अस्पताल में पदस्थ करते हुए तत्काल ज्वाइन करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जिन कर्मचारियों के अटैचमेंट समाप्त किए गए हैं उनमें डॉक्टर्स, नर्सिंग ऑफिसर्स, बीईई, लैब टेक्नीशियन, लैब असिस्टेंट, रेडियोग्राफर, फार्मासिस्ट, डार्क रूम अटेंडेंट, वार्ड बॉय और स्वीपर सहित विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारी शामिल हैं। ये कर्मचारी लंबे समय से इंदौर जिले के विभिन्न अस्पतालों, संजीवनी केंद्रों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में अटैच होकर कार्यरत थे। सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने बताया कि जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग में जल्द ही स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जानी हैं। इसके लिए आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने की तैयारी के तहत यह निर्णय लिया गया है। सभी संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से जिला अस्पताल में ज्वाइन करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अचानक हुए इस बड़े फैसले के बाद स्वास्थ्य विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि नई जिला अस्पताल बिल्डिंग के संचालन को गति देने के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक पुनर्व्यवस्था है।
