मंडला जिले में मां नर्मदा पर बने बड़े रपटा पुल से मंगलवार को नदी में छलांग लगाने वाले एक युवक का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस बीच, गुरुवार को इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक उफनती नदी में कूदता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। जवानों के सामने ही आंखों से ओझल हुआ युवक सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि युवक पुल के बॉक्स गर्डर पर खड़ा है और अचानक नीचे उफनती हुई नर्मदा नदी में कूद जाता है। नदी का बहाव इतना तेज था कि छलांग लगाने के कुछ ही सेकेंड के भीतर वह पानी में बह गया और जवानों की आंखों से ओझल हो गया। घटना के बाद से ही स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है। रेस्क्यू करने पहुंचे थे जवान, तभी लगाई छलांग यह पूरी घटना मंगलवार की है, जब युवक पुल की सुरक्षा रेलिंग को पार करके नीचे बॉक्स गर्डर पर जा पहुंचा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर एसडीईआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को बचाने के लिए एक जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जवान जब सुरक्षा उपकरणों के साथ उसे सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। कई किलोमीटर के दायरे में चलाया सर्च ऑपरेशन एसडीईआरएफ कमांडेंट हेमराज परस्ते ने बताया कि घटना के तुरंत बाद से ही कई टीमों को बोट के साथ रेस्क्यू में लगाया गया है। बुधवार को सहस्रधारा क्षेत्र और गुरुवार को जिलहरी घाट सहित तिंदनी गांव के आसपास के नदी के इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया गया। हालांकि, पानी का बहाव तेज होने के कारण अभी तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका है। अंधेरा होने की वजह से गुरुवार शाम को अभियान रोकना पड़ा, जिसे शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू किया जाएगा। पिछले साल भी इसी जगह से किया गया था सुरक्षित रेस्क्यू अधिकारियों के मुताबिक, युवक मानसिक रूप से कमजोर लग रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले साल जुलाई के महीने में भी यही युवक ठीक इसी जगह (बॉक्स गर्डर) पर पहुंच गया था। तब एसडीईआरएफ के जवानों ने एक बेहद कठिन और सूझबूझ भरे ऑपरेशन के जरिए उसे सुरक्षित बचा लिया था। इस बार भी जवानों ने पूरे सुरक्षा उपायों के साथ उसे बचाने की कोशिश की थी, लेकिन युवक ने उन्हें मौका नहीं दिया। इस घटना के बाद रपटा पुल की सुरक्षा व्यवस्था और इसके संवेदनशील हिस्सों तक आम लोगों की आसान पहुंच को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। यह खबर भी पढ़ें… नर्मदा पुल के पिलर के बीच पहुंचा युवक:रेंगकर पहुंची एसडीईआरएफ की टीम, तेज बहाव के बीच करीब 45 मिनट में किया रेस्क्यू मंडला में महाराजपुर को जोड़ने वाले नर्मदा नदी पुल पर बुधवार दोपहर 1 बजे से एसडीईआरएफ की टीम ने पौन घंटे तक जटिल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। दरअसल, एक व्यक्ति पुल की रेलिंग से उतरकर पिलर के बीच की खाली जगह में चला गया। माहिष्मती घाट पर तैनात होमगार्ड और ट्रैफिक पुलिस के जवान ने यह दिखा और तुरंत इसकी सूचना एसडीईआरएफ कंट्रोल रूम को दी। पढ़ें पूरी खबर
