सिंगरौली के बरगवां क्षेत्र से गुजरने वाले नेशनल हाईवे क्रमांक-39 पर भारी वाहनों से कथित रूप से 200 रुपए प्रति ट्रक की वसूली का मामला आज गुरुवार को सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कुछ लोग ट्रकों को रोककर पैसे लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद ट्रक मालिकों और वाहन चालकों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि वाहनों की पार्किंग और प्रवेश के लिए पहले से ही व्यवस्था निर्धारित है। इसके बावजूद नेशनल हाईवे-39 पर ट्रकों को रोककर नगर परिषद के नाम पर 200 रुपए की वसूली की जा रही है। वीडियो में भी वसूली करने वाले व्यक्ति शुल्क का आधार पूछे जाने पर इसे नगर परिषद की वसूली बताते दिख रहे हैं। अवैध वसूली से चालकों पर आर्थिक बोझ वाहन मालिकों और चालकों का कहना है कि नगर परिषद बरगवां ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वाहन स्टैंड शुल्क की दरें तय की हैं। उनका तर्क है कि जब वाहन किसी स्टैंड का उपयोग नहीं कर रहे और केवल हाईवे से गुजर रहे हैं, तो उनसे यह अतिरिक्त शुल्क किस नियम या आदेश के तहत लिया जा रहा है, यह स्पष्ट नहीं है। उनका आरोप है कि इस तरह की अवैध वसूली से परिवहन कार्य प्रभावित हो रहा है और चालकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। सीएमओ ने टिप्पणी करने से इनकार किया इस संबंध में नगर परिषद बरगवां के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अमित सिंह ने बताया कि नगर परिषद बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था करती है। राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से जुलाई महीने से स्टैंड संचालन का ठेका दिया गया है। हालांकि, नेशनल हाईवे-39 पर कथित वसूली के सवाल पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। ट्रक मालिकों और वाहन चालकों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने, वसूली की वैधता स्पष्ट करने और अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
