महाकाल मंदिर के आसपास स्थित होटलों में फायर सेफ्टी जांच के दौरान नगर निगम के फायर अधिकारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। होटल में अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जांच करने पहुंचे प्रभारी फायर अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद साहू के साथ होटल संचालक के बेटे विकास अरोन्या ने कथित तौर पर मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी अधिकारी को एक के बाद एक थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने समेत चार धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फायर सेफ्टी जांच के दौरान हुआ विवाद हाल के दिनों में आगजनी की घटनाओं के बाद नगर निगम की टीम महाकाल मंदिर क्षेत्र के होटल, लॉज और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच कर रही है। बुधवार को प्रभारी फायर अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद साहू अपनी टीम के साथ जयसिंहपुरा क्षेत्र स्थित मां पीताम्बरा होटल रेजिडेंसी पहुंचे थे। साहू ने बताया कि उनके साथ आए कर्मचारी आशीष भाटी पुलिस बल लेने महाकाल थाने गए थे। इसी दौरान वह होटल के रिसेप्शन पर मौजूद कर्मचारी से फायर एनओसी, फायर ऑडिट रिपोर्ट और भवन अनुमति संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ले रहे थे। तभी होटल संचालक मनोहरलाल अरोन्या का पुत्र विकास अरोन्या वहां पहुंचा और विवाद करने लगा। वायरलेस सेट फेंका, चार थप्पड़ मारने का आरोप लक्ष्मण प्रसाद साहू के मुताबिक, आरोपी ने उनका परिचय पत्र पकड़कर खींचा, रिसेप्शन पर रखा वायरलेस सेट, कार्बन पेपर और अन्य दस्तावेज बाहर फेंक दिए, जिससे वायरलेस सेट क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद उसने उन्हें लगातार चार थप्पड़ मारे, जिससे उनके चेहरे, सिर और बाईं आंख में चोट आई। घटना के बाद उन्होंने सहायक आयुक्त अग्निशमन राघवेंद्र सिंह पालिया, उपायुक्त संजेश गुप्ता, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा और अपर आयुक्त संतोष टैगोर को मामले की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। चार धाराओं में मामला दर्ज महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि आरोपी विकास अरोन्या के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने सहित चार अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
