भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में मनुआभान टेकरी के पास शुक्रवार तड़के तीन बजे कार लूट के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई नए तथ्य सामने आए हैं। जांच में फरियादी सौरव सीतलानी और मुख्य आरोपी आदित्य के बीच हुई चैट मिली है, जिसमें दोनों के बीच पैसों के लेन-देन की बात हो रही है। इतना ही नहीं, घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। यह फुटेज एफआईआर में दर्ज लूट के समय के दो घंटे बाद के हैं। शुक्रवार तड़के सुबह परवलिया रोड स्थित एक ढाबे पर साथ बैठे नजर आए हैं। पुलिस के अनुसार, पंचवटी कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय सौरव सीतलानी ने शिकायत में बताया था कि वह गुरुवार देर रात परिचित आदित्य शर्मा उर्फ छोटू निवासी नारीयलखेड़ा के बुलाने पर परवलिया स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गया था। वहां आदित्य के साथ बाबर उर्फ मंडी, मोइन और बुशरान भी मौजूद थे। बुशरान थाना गौतम नगर का निगरानी गुंडा है जिसके खिलाफ पूर्व में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। खाना खाने के बाद सभी लोग सौरव की टाटा टियागो कार से भोपाल लौट रहे थे। मनुआभान टेकरी के पास आदित्य ने दोस्त से मिलने के बहाने कार रुकवाई। आरोप है कि इसके बाद चारों ने गाली-गलौज करते हुए सौरव से मारपीट की और चारों कार लेकर फरार हो गए। ढाबा संचालक से भी होगी पूछताछ जिस ढाबे पर फरियादी और आरोपी साथ बैठकर खाने खा रहे थे, वहां के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। जिसमें दिख रहे टाइम के मुताबिक तड़के पांच बज रहे हैं। अब पुलिस ढाबा संचालक से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी की कि सीसीटीवी में दिख रहा समय किसी तकनीकी कारण से गलत तो नहीं दिख रहा है। वहीं आदित्य और सौरव के बीच हुई चैट में भी आर्थिक लेन-देन का जिक्र मिला है। जांच में यह भी सामने आया है कि फरियादी सौरव पहले एक मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़ा था। राजस्थान में उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपियों के भी उसी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी पुलिस को मिली है। हालांकि लूटी गई टाटा टियागो कार अभी तक बरामद नहीं हो सकी है। पुलिस दो आरोपियों बुशरान और मुईन से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। सट्टा कनेक्शन भी जांच के दायरे में पुलिस जांच में पता चला है कि फरियादी पहले एक मोबाइल एप के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़ा था। आरोपियों के भी उसी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली है। फरियादी को पूर्व में राजस्थान पुलिस गिरफ्तार भी कर चुकी है। फिलहाल लूटी गई कार बरामद नहीं हो सकी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार बुशरान पुराना अपराधी है। इसी के साथ बाबर और आदित्य के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक केस दर्ज हैं। थाना प्रभारी बोले- जांच जारी कोहेफिजा थाने के प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर के मुताबिक फरियादी का पुराना रिकार्ड होने की जानकारी मिली है। हालांकि प्रारंभिक जांच में यह साफ हो गया है कि आरोपियों ने फरियादी से मारपीट कर उसकी कार छीनी है। पूर्व में भी आरोपी फरियादी युवक पर अड़ीबाजी करते रहे हैं। लिहाजा फरियादी के बताए घटनाक्रम अनुसार केस दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह खबर भी पढ़ें… भोपाल में दोस्तों ने ढाबे बुलाकर युवक की कार लूटी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में मनुआभान टेकरी के पास शुक्रवार तड़के परिचित युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट कर उसकी कार लूट ली। पुलिस ने मामले में लूट का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
