ग्वालियर के मुरार और डीडी नगर क्षेत्रों में मंगलवार को जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। जलालपुर स्थित 160 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) से इन क्षेत्रों को पानी पहुंचाने वाली मुख्य पंपिंग लाइन में लीकेज के कारण मरम्मत कार्य किया गया है। नगर निगम के कार्यपालन यंत्री हेमंत शर्मा ने बताया कि लीकेज की मरम्मत के लिए सोमवार को पंपिंग बंद रखी गई थी। इस शटडाउन के कारण जलालपुर डब्ल्यूटीपी से मुरार और डीडी नगर क्षेत्र की पानी की टंकियां पूरी क्षमता से नहीं भरी जा सकीं। परिणामस्वरूप, मंगलवार, 30 जून को इन क्षेत्रों में सामान्य की तुलना में कम मात्रा और कम दबाव से जलापूर्ति की जाएगी। पहले ही संग्रह कर लें जरूरत का पानी नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए करें और इसकी बर्बादी से बचें। जिन क्षेत्रों में पानी कम आएगा, वहां के लोग अपनी दैनिक जरूरतों के लिए पहले से पानी का संग्रह कर लें। निगम अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है और जल आपूर्ति व्यवस्था को जल्द ही सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। जैसे ही पानी की टंकियां पूरी क्षमता से भर जाएंगी, आपूर्ति पूर्ववत हो जाएगी। निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह समस्या तकनीकी कारणों से अस्थायी रूप से उत्पन्न हुई है। अगले जल प्रदाय चक्र से व्यवस्था सामान्य होने की संभावना है। उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा की गई है और किसी भी असुविधा के लिए निगम से संपर्क करने को कहा गया है।
