Homeमध्यप्रदेश300 KM पैदल भोपाल पहुंचे दो कांग्रेसी:PCC के सामने धरने पर बैठे,...

300 KM पैदल भोपाल पहुंचे दो कांग्रेसी:PCC के सामने धरने पर बैठे, बोले- एक व्यक्ति को तीन-चार पद का विरोध किया तो निष्कासित कर दिया

मध्य प्रदेश में कांग्रेस की जिला कांग्रेस कमेटियों की लिस्ट घोषित होने के साथ ही विरोध के स्वर उठ रहे हैं। भोपाल की जिला कांग्रेस कमेटी पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने सवाल खडे़ किए हैं तो वहीं रतलाम की जिला कांग्रेस कमेटी में एक-एक व्यक्ति को तीन-चार पद देने का विरोध करने पर दो कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। दोनों ही कांग्रेस कार्यकर्ता रतलाम से तीन सौ किलोमीटर पैदल चलकर आठ दिन का सफर तय कर भोपाल पहुंचे और पीसीसी यानी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। कांग्रेस के निष्कासित दोनों कार्यकर्ताओं ने दैनिक भास्कर से बातचीत की। पीसीसी के सामने धरने पर बैठे संजय रावल ने कहा- हम दोनों यह पैदल यात्रा करते हुए भोपाल आए हैं। हम दोनों को संगठन महासचिव द्वारा निष्कासित किया गया है उसके पास ऐसा कोई पावर नहीं हैं कि वो हमें निष्कासित करे। हम कांग्रेस कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं जीतू पटवारी यहां आए और हमसे बिना बातचीत किए ही चले गए। जिला कार्यकारिणी पर सवाल उठाए रतलाम से आए कांग्रेस के निष्कासित कार्यकर्ता गौरव पोरवाल ने भास्कर को बताया कि हम तीन सौ किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए भोपाल आए हैं। गौरव ने बताया हम इसलिए आए हैं क्योंकि अभी रतलाम की जिला कार्यकारिणी बनी थी तो किसी को तीन पद दे दिए, किसी को चार पद दे दिए तो हमने सोशल मीडिया और व्यक्तिगत रूप से जिला अध्यक्ष जी को मैसेज पहुंचाया था कि आप संगठन में एक व्यक्ति को तीन चार पद दे रहे हैं तो ये शोभा नहीं देता। हमारी जिलाध्यक्ष से बात हुई थी। वे कह रहे थे हमारे पास कार्यकर्ता नहीं हैं। गकांग्रेस की इतनी स्थिति खराब हो गई है कि नए कार्यकर्ता नहीं मिल रहे इसलिए आप एक-एक व्यक्ति को तीन-तीन पद दे रहे हो। जीतू पटवारी से मिले तो जिला कांग्रेस ने निष्कासित कर दिया गौरव ने बताया 4 जून को नामली में हम यही दरी लेकर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के पास गए थे। उनसे बात की तो उन्होंने हमें गले लगाया और साथ में बिठाकर लेकर गए थे। उसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी को प्रदेश अध्यक्ष से मिलना इतना बुरा लगा कि हमें पार्टी से निष्कासित कर दिया। उन्होंने हमारे पर आरोप लगाया लेकिन उनके पास ठोस सबूत आज भी नहीं हैं कि किस कारण से निष्कासित किया है। कौन से व्यक्तियों को तीन-चार पद दिए गए हैं?
एक रवि तिवारी हैं जिनके पास तीन पद हैं। प्रकाश पाटीदार के पास भी ऐसे ही पद हैं। सुनील पोरवाल के पास दो पद हैं। वे युवा कांग्रेस में भी हैं और जिला कांग्रेस में भी पद दिया गया है। मैं किसी पद पर नहीं हूं। मैं आम कार्यकर्ता हूं। सवाल- आपकी क्या मांग है?
गौरव: मेरी यही मांग है कि मुझे पद नहीं चाहिए लेकिन जो मजबूती से कांग्रेस के लिए काम करते हैं उनका सम्मान होना चाहिए। सवाल- जीतू पटवारी से आप मिले?
गौरव: जीतू पटवारी हमसे नहीं मिले। वो आए थे तो उन्होंने कहा चलो-चलो…. ये बातें शोभा नहीं देती। कार्यकर्ता अगर इतनी दूर से पैदल आया है तो उनको हमसे बात करनी चाहिए। ऐसे अगर चलो-चलो करने में रहेंगे तो फिर क्या स्थिति रहेगी। हम पार्टी का विरोध करने नहीं बैठे हैं। सवाल: आप कब तक धरने पर बैठेंगे?
गौरव: जब तक हमारी बात नहीं मानी जाती तब तक बैठेंगे। अगर लगा कि हमारी बात नहीं सुनी जा रही तो दिल्ली पैदल-पैदल जाएंगे। और अपनी बात पार्टी के सीनियर नेताओं को बताएंगे।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here