छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर कुछ युवकों ने सड़क जाम कर जन्मदिन का जश्न मनाया। 16 फरवरी की रात अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर उन्होंने जमकर आतिशबाजी की। इसके बाद कार की बोनट पर केक काटकर बर्थडे सेलिब्रेशन किया गया। इस दौरान करीब 1 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। एम्बुलेंस सहित कई गाड़ियां फंसी रही। आधे घंटे तक दोनों ओर गाड़ियां खड़ी थी। सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी युवक अंबिकापुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है। बता दें कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सड़कों पर बर्थडे सेलिब्रेशन, स्टंट और यातायात बाधित करने के मामलों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद लगातार इस तरह के वीडियो सामने आ रहे हैं। देखिए सेलिब्रेशन की ये तस्वीरें… अब पढ़िए सिलसिलेवार पूरी कहानी जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो 16 फरवरी की रात का है। अंबिकापुर के कुछ युवक चठिरमा सीमा क्षेत्र में सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर बने बैरियर के पास स्थित एक ढाबे में बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचे थे। युवकों ने पहले ढाबे में पार्टी की और इसके बाद हाईवे पर आकर सड़क जाम कर दिया। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चारपहिया वाहन खड़े कर दोनों ओर से सड़क बंद कर दी। फिर जमकर आतिशबाजी की गई और कार की बोनट पर केक काटा गया। इससे हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। कई गाड़ियां जाम में फंसी रही। हालांकि, सेलिब्रेशन खत्म होने बाद यातायात बहाल हुई। एम्बुलेंस भी जाम में फंसी वीडियो में एक एम्बुलेंस भी जाम में फंसी हुई दिखाई दे रही है। हालांकि, एम्बुलेंस में मरीज मौजूद था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इधर, सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद उसे डिलीट कर दिया गया। युवकों की पहचान स्पष्ट नहीं बताया जा रहा है कि सड़क जाम कर बर्थडे मनाने वाले युवक अंबिकापुर के हैं। फिलहाल, उनके संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि, वीडियो में युवकों के चेहरे नजर आ रहे हैं। जिनकी पहचान की जा रही है। इन धाराओं के तहत की गई कार्रवाई इस मामले में लटोरी पुलिस चौकी में आरोपियों के खिलाफ धारा 285, 126(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। चौकी प्रभारी अरूण गुप्ता ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। वीडियो के आधार पर 5 से 7 युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। स्टंटबाजी और केक काटने पर हाईकोर्ट सख्त छत्तीसगढ़ में लगातार हाईवे पर बर्थडे सेलिब्रेशन के वीडियो वायरल हो रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेकर सख्ती दिखाई थी। 3 महीने पहले हाईकोर्ट ने कहा था कि पुलिस की कार्रवाई केवल दिखावे के लिए नहीं होनी चाहिए। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने कहा था कि पुलिस की कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए, जिससे ऐसे अपराधियों को सबक मिले। कोर्ट ने सड़कों पर स्टंटबाजी के साथ ही बर्थ-डे सेलिब्रेशन पर राज्य सरकार से कहा कि नियमों और प्रावधानों का सख्ती से पालन करें। सभी जिलों में कड़ाई बरतने की कही थी बात 21 नवंबर 2025 को मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य सचिव ने अपने शपथपत्र में बताया कि 25 अक्टूबर को मंत्रालय में आईजी कॉन्फ्रेंस रखी गई थी। इसमें प्रदेश भर के कलेक्टर और एसपी रैंक के अधिकारी शामिल हुए थे। इसमें सभी जिलों को कड़ाई बरतने कहा गया है। पीएचक्यू से भी इसके लिए आदेश जारी किए गए हैं। इस पर हाईकोर्ट ने कहा कि जिन गाड़ियों को जब्त किया गया था उन्हें बॉन्ड भरवाते हुए और शर्तों के साथ छोड़ा जा सकता है। एक साल में इस तरह की कोई और घटना होने पर जब्ती के साथ ही पेनल्टी लगानी होगी। हाईकोर्ट की चेतावनी- युवाओं को मिले सख्त सजा सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी करने वाले युवाओं को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि यह दूसरों के लिए सबक बने। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने कहा था कि पुलिस का प्रकोप अक्सर केवल गरीब, मध्यम वर्ग और दलितों पर पड़ता है। कोर्ट ने कहा था कि संपन्न और बाहुबलियों के खिलाफ पुलिस नख-दंतहीन बाघ बन जाती हैं। ऐसे लोग मामूली जुर्माना भरकर आसानी से छोड़ दिए जाते हैं और उनके वाहन भी वापस कर दिए जाते हैं। …………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़ें… रायपुर में लड़कों ने नेशनल-हाईवे पर मचाया हुड़दंग…VIDEO:बीच सड़क केक काटकर बर्थडे सेलिब्रेट किया, फिर पटाखे हाथ में लेकर दौड़ा युवक रायपुर के खरोरा में लड़कों ने नेशनल हाईवे पर जमकर हुड़दंग किया। फिर बीच सड़क केक काटकर बर्थडे सेलिब्रेशन किया। इस दौरान एक लड़का पटाखे को हाथ में लेकर स्टंट करते दिखाई दिया। इस पूरी मस्ती का वीडियो युवकों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया। पढ़ें पूरी खबर…
