भिंड कलेक्ट्रेट में इन दिनों अपनी शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। बाहर 41 डिग्री तापमान है, जबकि प्रतीक्षालय में पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। कलेक्टर से मिलने पहुंचे लोगों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। दूसरी ओर अधिकारी और कर्मचारी एसी वाले कमरों में काम कर रहे हैं। कलेक्ट्रेट के प्रतीक्षालय में रोज करीब 40 से 50 लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचते हैं। यहां उनके लिए सिर्फ दो पंखों की व्यवस्था है। इनमें भी एक पंखा धीमी रफ्तार से चलता है। न कूलर है और न ही गर्मी से राहत के पर्याप्त इंतजाम। ऐसे में लोग पसीने से तरबतर होकर अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं। पिछले तीन दिनों से जिले में उमस और गर्मी लगातार बढ़ी हुई है। दिन का तापमान 41 डिग्री और रात का तापमान 32 डिग्री तक पहुंच गया है। ऐसे मौसम में सुबह से शाम तक प्रतीक्षालय में बैठना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। जमीन, राजस्व, पेंशन और अन्य मामलों की शिकायत लेकर आने वाले लोग घंटों इंतजार करते हैं, लेकिन उन्हें राहत के नाम पर सिर्फ दो पंखे ही मिलते हैं। चार घंटे इंतजार के बाद लौटना पड़ा फरियादी उमेश सिंह ने बताया कि वह सुबह 11 बजे जमीन संबंधी शिकायत लेकर कलेक्टर से मिलने पहुंचे थे। पहले टीएल बैठक चली, फिर अन्य प्रशासनिक कार्य और बाद में कोर्ट की सुनवाई शुरू हो गई। शाम 4 बजे तक भी उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि चार घंटे तक उमस और गर्मी में बैठे रहने से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें बिना मिले ही वापस लौटना पड़ा।
