हल्द्वानी में नीट (NEET) की तैयारी करने आई मध्य प्रदेश की एक 19 वर्षीय छात्रा ने पीजी के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मुखानी थाना क्षेत्र की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को फंदे से उतारकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन पुलिस को एक डायरी मिली है जिसमें लिखा है- ‘एक को छोड़ दिया है, दूसरे को नहीं छोड़ूगी।’ इस लाइन के बाद पुलिस प्रेम-प्रसंग के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
खिड़की की जाली काटकर निकाला बाहर
पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश के शिवपुरी (मानीपुरा कोलारस) निवासी अंजलि जाटव (19) पुत्री रघुवीर जाटव ने बीते 30 मई को मुखानी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में नीट की तैयारी के लिए एडमिशन लिया था। वह फिलहाल डेमो क्लासेस ले रही थी और 29 जून से उसकी नियमित कक्षाएं शुरू होनी थीं। वह खाटू श्याम मंदिर के पास कोचिंग से संबद्ध एक पीजी में रह रही थी।मंगलवार देर रात एक युवक ने अंजलि की सहेली को फोन कर बताया कि अंजलि उसका फोन नहीं उठा रही है। सहेली ने तुरंत इसकी जानकारी अन्य लोगों और पुलिस को दी। जब लोग कमरे पर पहुंचे तो अंजलि दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई थी। आनन-फानन में खिड़की की जाली काटकर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पिता ने भरोसे के साथ 563 किमी दूर भेजा था
अंजलि के पिता रघुवीर जाटव ने अपनी बेटी को बहुत उम्मीदों के साथ घर से 563 किलोमीटर दूर हल्द्वानी भेजा था। दरअसल, अंजलि के भाई ने भी हल्द्वानी में रहकर ही कोचिंग की थी और नीट की परीक्षा पास की थी। वर्तमान में वह एम्स (AIIMS) भोपाल से मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। बेटे की सफलता को देखते हुए पिता ने बेटी को भी डॉक्टर बनाने का सपना देखा था,
आखिरी कॉल करने वाले युवक की तलाश
एसपी सिटी मनोज कात्याल ने बताया कि पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी एंगल से जांच कर रही है। मृतका का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस उसकी सोशल मीडिया एक्टिविटी और गूगल सर्च हिस्ट्री खंगाल रही है। साथ ही, मंगलवार रात को जिस युवक ने अंजलि की सहेली को फोन किया था, पुलिस उसके बारे में भी जानकारी जुटा रही है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके गुरुवार को हल्द्वानी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
