छिंदवाड़ा के बिछुआ क्षेत्र अंतर्गत खमरा के किशनपुर गांव में कुएं का पानी पीने और उससे नहाने के बाद करीब 25 से 30 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया और प्रभावित ग्रामीणों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 5 एंबुलेंस मौके पर रवाना की गईं। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के कुएं से पानी भरकर उपयोग किया। कुछ लोगों ने उसी पानी से स्नान किया तो कई लोगों ने उसका सेवन भी किया। इसके कुछ देर बाद ग्रामीणों को पानी से अजीब बदबू आने की शिकायत हुई। साथ ही हाथ-पैर में खुजली और एलर्जी जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। ग्रामीणों ने जब दोबारा पानी की जांच की तो उसमें झाग और फेस बनता दिखाई दिया। इसके बाद मामले की सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित लोगों की जांच कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए 108 एंबुलेंस के माध्यम से ग्रामीणों को अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, हालांकि कई ग्रामीण अस्पताल जाने से इनकार कर रहे हैं। फिलहाल पानी दूषित कैसे हुआ और ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने की असली वजह क्या है, इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों को फिलहाल कुएं के पानी का उपयोग नहीं करने की सलाह दी है।
