Homeविदेशवर्ल्ड अपडेट्स:जर्मनी में रिटायरमेंट की उम्र 70 साल करने की तैयारी, अर्ली...

वर्ल्ड अपडेट्स:जर्मनी में रिटायरमेंट की उम्र 70 साल करने की तैयारी, अर्ली रिटायरमेंट सुविधा भी खत्म

जर्मन सरकार पेंशन सिस्टम में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। प्रस्ताव के तहत रिटायरमेंट की उम्र 67 से बढ़ाकर 70 साल की जा सकती है। साथ ही 45 साल तक पेंशन फंड में योगदान देने वाले कर्मचारियों को मिलने वाली अर्ली रिटायरमेंट सुविधा भी समाप्त की जा सकती है। जर्मन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चांसलर फ्रेडरिक मर्ज और श्रम मंत्री बार्बेल बास द्वारा गठित आयोग मंगलवार को अपनी सिफारिशें पेश करेगा। आयोग ने सुझाव दिया है कि रिटायरमेंट की उम्र को जीवन प्रत्याशा से जोड़ा जाए और इसे चरणबद्ध तरीके से 70 साल तक बढ़ाया जाए। आयोग ने ‘पेंशन एट 63’ नाम से लोकप्रिय उस योजना को खत्म करने की भी सिफारिश की है, जिसके तहत 45 साल तक योगदान देने वाले कर्मचारी बिना कटौती के जल्दी रिटायर हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार सरकार संसद के जुलाई अवकाश से पहले इस सुधार पैकेज को मंजूरी दिलाने की कोशिश में है। जर्मनी में तेजी से बढ़ती उम्रदराज आबादी और बड़ी संख्या में लोगों के रिटायर होने से पेंशन व्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… फिलीपींस के स्कूल में गोलीबारी में 3 छात्रों की मौत, हिरासत में 2 संदिग्ध फिलीपींस के एक हाई स्कूल में सोमवार को हुई गोलीबारी में तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दो लोगों ने टैकलोबान सिटी के सैन जोस नेशनल हाई स्कूल में गोलीबारी की। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक इसी स्कूल का छात्र है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोलीबारी की वजह क्या थी और हमलावरों ने इस घटना को क्यों अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्कूल और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और शुरुआती पूछताछ के आधार पर घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। यूरोप में हीटवेव: तापमान 40°C के करीब, फ्रांस में ट्रेनें रद्द; इटली-स्पेन में रेड अलर्ट
यूरोप के कई देश भीषण हीटवेव की चपेट में हैं। इटली, स्पेन, फ्रांस और जर्मनी में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। हालात को देखते हुए कई शहरों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। गर्मी का असर परिवहन, पर्यटन और वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि सहारा रेगिस्तान से उत्तर की ओर बढ़ रही गर्म हवा और “अफ्रीकन एंटीसाइक्लोन” नामक उच्च दबाव प्रणाली के कारण पश्चिमी और मध्य यूरोप के ऊपर “हीट डोम” बन गया है। इससे गर्म हवा फंस गई है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। इटली में कई दिनों से तापमान 35°C से ऊपर बना हुआ है। इसके चलते बोलोन्या, फ्लोरेंस, मिलान और ट्यूरिन समेत 8 शहरों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। स्पेन की मौसम एजेंसी AEMET ने देश के कई हिस्सों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। फ्रांस में भीषण गर्मी का असर रेल नेटवर्क पर पड़ रहा है। राष्ट्रीय रेल ऑपरेटर SNCF के अनुसार अधिक तापमान के कारण बिजली की ओवरहेड लाइनों और रेल पटरियों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। एहतियात के तौर पर प्रमुख मार्गों पर सोमवार तक 71 इंटरसिटी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। जर्मनी में तापमान 38°C तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग DWD ने बर्लिन समेत पूर्वी क्षेत्रों में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ट्रम्प समर्थित एबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला बने कोलंबिया के राष्ट्रपति
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के समर्थित उम्मीदवार एबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला ने कोलंबिया का राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है। शुरुआती मतगणना के अनुसार उन्होंने वामपंथी उम्मीदवार इवान सेपेदा को करीबी मुकाबले में करीब 2.5 लाख वोटों से हराया। उनकी जीत को देश की राजनीति में दक्षिणपंथी और राष्ट्रवादी रुझान की वापसी के रूप में देखा जा रहा है। करीब सभी वोटों की गिनती पूरी होने के बाद डी ला एस्प्रिएला को 49.66% वोट मिले, जबकि इवान सेपेदा को 48.70% वोट प्राप्त हुए। चुनाव परिणाम के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उन्हें फोन कर बधाई दी। समर्थकों के बीच “द टाइगर” के नाम से लोकप्रिय डी ला एस्प्रिएला ने चुनाव अभियान में अपराध नियंत्रण, आर्थिक सुधार और ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाने को प्रमुख मुद्दा बनाया था। पोलैंड-यूक्रेन में नया विवाद: पूर्व पीएम बोले- सम्मान लौटाया है तो टैंक और लड़ाकू विमान भी वापस करो पोलैंड और यूक्रेन के बीच नया विवाद शुरू हो गया है। पोलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा है कि अगर यूक्रेनी नेता पोलैंड के दिए सम्मान लौटा रहे हैं, तो उन्हें पोलैंड से मिली सैन्य मदद भी वापस कर देनी चाहिए। विवाद तब शुरू हुआ जब पोलैंड के राष्ट्रपति ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को दिया गया देश का सर्वोच्च सम्मान वापस ले लिया। इसके जवाब में यूक्रेन के कई बड़े नेताओं ने भी पोलैंड के सम्मान लौटाने का ऐलान कर दिया। पोलैंड का आरोप है कि जेलेंस्की ने एक ऐसे यूक्रेनी सैन्य संगठन को सम्मानित किया है, जिस पर द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान बड़ी संख्या में पोलिश नागरिकों की हत्या का आरोप है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि यूक्रेन को पोलैंड से लड़ाकू विमान, टैंक, हेलिकॉप्टर, हथियार और गोला-बारूद जैसी बड़ी सैन्य मदद मिली है। अगर सम्मान लौटाए जा रहे हैं, तो सैन्य मदद भी वापस करनी चाहिए। रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से पोलैंड, यूक्रेन का सबसे बड़ा समर्थक रहा है और उसने बड़ी मात्रा में सैन्य सहायता भेजी है। चीन ने 10 अमेरिकी कंपनियों को बैन किया, 46 रक्षा कंपनियों के उत्पादों की खरीद पर रोक चीन ने अमेरिका के खिलाफ बड़ी जवाबी कार्रवाई की है। उसने 10 अमेरिकी कंपनियों पर निर्यात नियंत्रण लगा दिया है। साथ ही 46 अमेरिकी रक्षा और एयरोस्पेस कंपनियों के उत्पादों की सरकारी खरीद पर भी रोक लगा दी है। चीन का कहना है कि यह कदम अमेरिका द्वारा कई चीनी कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करने के जवाब में उठाया गया है। इस महीने अमेरिका ने 80 चीनी कंपनियों और उनसे जुड़ी इकाइयों को ब्लैकलिस्ट में डाल दिया था। इनमें अलीबाबा, बायडू और इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनी BYD जैसी बड़ी कंपनियां भी शामिल हैं। इसके जवाब में चीन ने रक्षा, एयरोस्पेस और रेयर अर्थ खनन क्षेत्र की कई अमेरिकी कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिया। वहीं चीन के वित्त मंत्रालय ने सरकारी एजेंसियों को 46 अमेरिकी रक्षा कंपनियों के उत्पाद खरीदने से भी रोक दिया है। इन कंपनियों में लॉकहीड मार्टिन, रेथियॉन, बोइंग डिफेंस और जनरल डायनेमिक्स जैसी अमेरिकी रक्षा क्षेत्र की बड़ी कंपनियां शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया में 2.7 टन कोकीन बरामद: भूमिगत बंकर से मिली 4,700 करोड़ रुपए की ड्रग्स
ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने देश के इतिहास की सबसे बड़ी कोकीन जब्ती करते हुए 2.7 टन ड्रग्स बरामद की है। पश्चिमी सिडनी के लोंडनडेरी इलाके में एक भूमिगत बंकर प्रणाली से मिली इस खेप की अनुमानित कीमत 816 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 4,700 करोड़ रुपए) बताई गई है। पुलिस के अनुसार कोकीन तीन शिपिंग कंटेनरों के नकली फर्श के नीचे बने गुप्त कम्पार्टमेंट में छिपाकर रखी गई थी। छापेमारी के दौरान 21 और 25 वर्ष के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों का आरोप है कि दोनों पुलिस कार्रवाई के दौरान भागने की कोशिश कर रहे थे। दोषी पाए जाने पर दोनों को उम्रकैद की सजा हो सकती है। पुलिस का कहना है कि कोकीन की यह खेप उत्तर क्वींसलैंड के छोटे से कस्बे मिड्ज पॉइंट के रास्ते ऑस्ट्रेलिया पहुंचाई गई थी। जांच में सामने आया है कि इसके पीछे एक संगठित अंतरराष्ट्रीय अपराध गिरोह का हाथ हो सकता है। जांच एजेंसियों ने सोलोमन द्वीप समूह में एक संदिग्ध “मदर वेसल” को भी हिरासत में लिया है, जिसके इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है। PoK में कार्रवाई पर विवाद: कश्मीरी नेता ने लगाए मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप, UNHRC से हस्तक्षेप की मांग पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में सुरक्षा बलों की कार्रवाई को लेकर मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप सामने आए हैं। यूनाइटेड कश्मीर पीपुल्स नेशनल पार्टी (UKPNP) के अध्यक्ष सरदार शौकत अली कश्मीरी ने दावा किया है कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर छापेमारी, गिरफ्तारियां और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हुई हैं। एक वीडियो संदेश में कश्मीरी ने कहा कि PoK से आ रही जानकारी बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उनके अनुसार सुरक्षा बलों ने विभिन्न इलाकों में घरों पर छापे मारे, सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया और तलाशी अभियानों के दौरान कई परिवारों की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। UKPNP प्रमुख ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) और पाकिस्तान सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की। कश्मीरी ने पाकिस्तान सरकार से जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JKJAAC) के साथ संवाद शुरू करने की भी मांग की। उन्होंने सभी हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई, घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा हिंसा में मारे गए लोगों के शव उनके परिजनों को सौंपने की मांग भी की। शिकागो में हिंसक जूनटीन्थ वीकेंड: 8 की मौत, 38 घायल
अमेरिका के शिकागो शहर में जूनटीन्थ अवकाश सप्ताहांत हिंसा की घटनाओं से प्रभावित रहा। शुक्रवार शाम से रविवार तक हुई विभिन्न गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 अन्य घायल हुए हैं। शिकागो पुलिस विभाग के अनुसार इस अवधि में शहरभर में दो दर्जन से अधिक गोलीबारी की घटनाएं दर्ज की गईं। पीड़ितों की उम्र 14 वर्ष से 70 वर्ष के बीच है। सबसे गंभीर घटना शुक्रवार रात शहर के दक्षिणी हिस्से में हुई, जहां एक एसयूवी में सवार दो हमलावरों ने लोगों की भीड़ पर गोलियां चला दीं। इस हमले में कम से कम 12 लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। घटनाओं के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर शिकागो में सैन्य हस्तक्षेप की मांग की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर उन्होंने इलिनॉय के गवर्नर जेबी प्रित्जकर को संबोधित करते हुए कहा कि यदि उन्हें सहयोग मिले तो वह एक महीने में शिकागो को सुरक्षित और एक वर्ष में देश के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक बना सकते हैं। अवामी लीग की वर्षगांठ से पहले बांग्लादेश में हाई अलर्ट
बांग्लादेश में प्रतिबंधित अवामी लीग की स्थापना दिवस वर्षगांठ से पहले सरकार ने देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार गृह मंत्रालय ने सेना की तैनाती के लिए सशस्त्र बल प्रभाग को औपचारिक अनुरोध भेजा है। सरकार का कहना है कि प्रतिबंधित संगठनों की गतिविधियों से शांति व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है। सेना को ढाका, चटगांव और गाजीपुर महानगर क्षेत्रों के अलावा नारायणगंज, गोपालगंज और फरीदपुर जिलों में तैनात किया जाएगा। यह तैनाती 22 जून से 30 जून तक “इन एड टु सिविल पावर” व्यवस्था के तहत प्रभावी रहेगी। अवामी लीग, जिसकी अगुवाई पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना करती थीं, फिलहाल प्रतिबंधित है। जुलाई 2024 के जनआंदोलन के बाद उनकी सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। इसके बाद मई 2025 में अंतरिम सरकार ने पार्टी की सभी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिसे बाद में कानून में संशोधन कर औपचारिक रूप दिया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 18,000 से अधिक पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों के जवानों को तैनात किया गया है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here