Homeमध्यप्रदेशग्वालियर में नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म:श्योपुर-मुरैना बॉर्डर से बरामद हुई 11वीं...

ग्वालियर में नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म:श्योपुर-मुरैना बॉर्डर से बरामद हुई 11वीं की छात्रा; घुमाने के बहाने ले गया था, आरोपी अरेस्ट

ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्टोन पार्क इलाके से तीन दिन पहले लापता हुई 17 वर्षीय छात्रा को पुलिस ने मुरैना और श्योपुर के बॉर्डर से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में पीड़िता ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर बहला-फुसलाकर अगवा करने और उसके साथ गलत काम (दुष्कर्म) करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। छात्रा के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को दबोच लिया है। स्टोन पार्क इलाके से अचानक लापता हुई थी छात्रा
पुरानी छावनी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्टोन पार्क क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग, जो 11वीं की छात्रा है। तीन दिन पहले अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजन ने अपने स्तर पर सगे-संबंधियों और आसपास के इलाकों में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मुरैना-श्योपुर बॉर्डर पर मिली लोकेशन; पुलिस टीम ने दी दबिश
साइबर सेल और तकनीकी इनपुट की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि लापता छात्रा को उसके घर के ठीक सामने रहने वाला एक युवक ही बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है और दोनों इस वक्त मुरैना और श्योपुर जिले की सीमा (बॉर्डर) के पास छिपे हुए हैं। सुराग मिलते ही पुरानी छावनी थाना प्रभारी के निर्देशन में सब-इंस्पेक्टर (SI) देशराज और प्रधान आरक्षक कमल वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम को तत्काल श्योपुर बॉर्डर के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने सटीक घेराबंदी कर छात्रा को सकुशल बरामद किया और उसे वापस ग्वालियर लेकर आई। घुमाने के बहाने ले गया और किया गलत काम, आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर लाने के बाद जब महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पीड़ित छात्रा की काउंसलिंग की गई और उसके बयान दर्ज किए गए, तो इस पूरे मामले का सच सामने आया। पीड़िता ने बताया कि उसके घर के पड़ोस में रहने वाला आरोपी उसे बहला-फुसलाकर और बाहर घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। एकांत का फायदा उठाकर आरोपी ने श्योपुर बॉर्डर के पास उसके साथ जबरन गलत काम (दुष्कर्म) किया। छात्रा के इस बयान के बाद पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ा दीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पुरानी छावनी टीआई डॉ. संतोष यादव ने बताया- तीन दिन पहले स्टोन पार्क इलाके से गायब हुई 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा को पुलिस टीम ने मुरैना-श्योपुर बॉर्डर से बरामद कर लिया है। पीड़िता के बयानों के आधार पर पड़ोसी आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here