इंदौर में लगातार गहराते जल संकट के बीच शुक्रवार को पालदा इलाके में पानी की किल्लत को लेकर रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और महिलाएं सड़क पर उतर आए और चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। करीब 50 से अधिक लोग सड़क पर बैठ गए और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नियमित जल सप्लाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के चलते इलाके में कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी समस्या सुनी और करीब आधे घंटे बाद लोगों को सड़क से हटाया गया। घरों में नहीं पहुंच रहा पर्याप्त पानी स्थानीय लोगों का कहना है कि पालदा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पानी की सप्लाई बाधित है। कई घरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। खासतौर पर महिलाओं को पानी भरने के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ रहा है। रहवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसी नाराजगी के चलते उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। पहले भी हो चुका है विरोध गौरतलब है कि इंदौर में पानी की किल्लत को लेकर यह पहला प्रदर्शन नहीं है। इससे पहले भी शहर के अलग-अलग इलाकों में जल संकट को लेकर लोग विरोध जता चुके हैं। कहीं मटके फोड़े गए, तो कहीं निगम दफ्तरों का घेराव किया गया। गर्मी बढ़ने के साथ शहर के कई हिस्सों में जल संकट गहराता जा रहा है, जिससे नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल प्रशासन ने जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
