मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंकखुर्द में सड़क हादसे में बॉयफ्रेंड की मौत हो गई, जबकि उसकी गर्लफ्रेंड और कार ड्राइवर घायल हो गए। हादसे के बाद प्रेमिका को घंटों तक प्रेमी की मौत की जानकारी नहीं दी गई। वह अस्पताल में रोती-बिलखती रही। बोलती रही- मुझे मेरे मोहित से मिला दो। जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे टोंकखुर्द में हुआ। कार सड़क किनारे पोल से टकरा गई थी। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी मोहित वाजपेई के रूप में की गई है। कार में उनके साथ मौजूद युवती और चालक भी घायल हुए। हादसे के बाद तीनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मोहित वाजपेई को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कार चालक इलाज के दौरान अस्पताल से बिना किसी को बताए चला गया। दूसरी ओर घायल युवती लगातार मोहित के बारे में पूछती रही। रोते हुए कहती रही कि एक बार उसे उसके मोहित से मिला दिया जाए। हादसे से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए…
सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती, इंदौर में शादी की थी प्लानिंग घायल युवती ने बताया- करीब एक साल पहले उसकी और मोहित की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने शादी करने का फैसला किया। युवती के मुताबिक, दोनों परिवारों को इस रिश्ते की जानकारी नहीं थी। दोनों शुक्रवार को उत्तर प्रदेश से इंदौर शादी करने के लिए आ रहे थे। उनकी योजना मंदिर में शादी करने की थी, लेकिन रास्ते में टोंकखुर्द के पास सड़क हादसा हो गया। उनकी जिंदगी बदल गई। पिता बोले- मोहित शादीशुदा था, एक बच्चा भी है हादसे की सूचना मिलने पर मोहित के पिता प्रेम नारायण जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका परिवार इंदौर में रहता है। मोहित दो दिन पहले अपनी मां को लेकर उत्तर प्रदेश गया था, जहां रिश्तेदारी में शादी का कार्यक्रम था। पिता के अनुसार, गुरुवार को मोहित से उनकी बात हुई थी। उस समय उसने बताया था कि वह अपनी मां को छोड़कर इंदौर लौट रहा है। उन्होंने कहा कि मोहित पहले से शादीशुदा था और उसका एक बच्चा भी है। परिजन का कहना है कि घायल युवती कौन है और उसके साथ मोहित का क्या संबंध था, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। मोहित ने कभी घर में इस बारे में कोई चर्चा नहीं की थी। झपकी आने से हादसा होने की आशंका टोंक कला के चौकी प्रभारी मलखान सिंह भाटी ने बताया की कि सुबह का समय था तो झपकी आने से हादसा होने की आशंका है। कार सड़क किनारे डिवाइडर से टकराकर हादसे का शिकार हो गई। उत्तर प्रदेश में युवती की गुमशुदगी दर्ज मामले में उत्तर प्रदेश के हैदरगढ़ थाने के कॉन्स्टेबल नीरज चौधरी ने बताया- युवती के परिजन ने गुरुवार शाम उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। परिजन को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अपने स्तर पर मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। ………………………………….. सड़क हादसे में बैतूल PWD अफसर की मौत मध्य प्रदेश के देवास जिले में शुक्रवार को बैतूल PWD के एसडीओ दरयाव सिंह परमार की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे अपने परिवार को लेने धार जा रहे थे। इसी दौरान बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार और लोहे के ढांचे से टकरा गई। हादसे में सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। पढ़ें पूरी खबर…
