देवास में बुधवार शाम एक घंटे से अधिक हुई बारिश के बाद एमजी रोड पर भारी जलभराव हो गया। निर्माणाधीन नाले में पानी भर जाने से एक मिनी ट्रक के पहिए सड़क में धंस गए, जिससे वाहन पलटने की स्थिति में पहुंच गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक के एक तरफ के दोनों पहिए सड़क में गहरे धंस गए, जिससे वह एक ओर झुक गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बल्लियों का सहारा देकर वाहन को संभाला और उसे पलटने से बचाया। बारिश के कारण सड़क और निर्माणाधीन नाले में पानी भर गया, जिससे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे। इसके चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया वाहन भी जलभराव में फंस गए, जबकि चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। जलभराव से आवागमन प्रभावित स्थानीय लोगों का कहना है कि एमजी रोड पर चल रहे नाला निर्माण कार्य के चलते बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। पानी भरने से आमजन और व्यापारियों को आवागमन में लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मिनी ट्रक के सड़क में धंसने की इस घटना ने निर्माणाधीन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
