मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में बुधवार रात घर के अंदर मां-बेटी की लाश मिली है। बेटी का शव सेप्टिक टैंक में मिला, जबकि मां फंदे से झूलती हुई पाई गई। वहीं फंदे से लटकी नानी के पैरों से लिपटकर 10 महीने का मासूम लगातार रोता मिला। सारंगपुर के वार्ड नंबर 15 में बागकुआ टंकी क्षेत्र के लक्ष्मणदा की बाड़ी का है। जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 55 वर्षीय मधुबाला राठौर और 30 वर्षीय उनकी बेटी शीतल राठौर के रूप में की गई है। घटना के समय घर का दरवाजा अंदर से बंद था। भीतर से बच्चे के रोने की लगातार आवाज आ रही थी। ये तस्वीरें देखिए… घर में फंदे पर झूलती मिली मां मृतक मधुबाला राठौर के बेटे धीरज राठौर ने बताया- वह शाम करीब 7 बजे बैंक की नौकरी से घर लौटा था। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका होने पर उसने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा। सेप्टिक टैंक पर पड़ा मिला बहन का शव मां मधुबाला राठौर फंदे पर झूलती हुई मिलीं। वहीं, बहन शीतल राठौर का शव सेप्टिक टैंक में पड़ा हुआ था। बेटी की मौत के सदमे को मां मधुबाला राठौर सहन नहीं कर सकीं। उन्होंने भी घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं धीरज राठौर ने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीओपी अरविंद सिंह और एसआई राहुल सेंधव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। ससुराल विवाद और मानसिक तनाव की आशंका पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, शीतल की शादी 4 साल पहले देवास जिले के नरवर झाला निवासी कपिल राठौर से हुई थी। उसकी करीब एक साल से पति से अनबन चल रही थी। वह करीब दो माह से अपने पिता के घर रह रही थी। शादीशुदा बेटी शीतल राठौर का पिछले कुछ समय से अपने ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते उसने घर के सेफ्टिक टैंक में कूदकर अपनी जान दे दी।
