शाजापुर के इंद्रा नगर निवासी प्रत्यूष सिंह कुशवाह इंडियन मिलिट्री अकादमी (आईएमए) देहरादून से एक वर्ष का सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर रविवार को अपने गृह नगर शाजापुर पहुंचे। भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने के बाद पहली बार उनके आगमन पर परिवारजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रत्यूष के घर पहुंचते ही पिता ने हर्ष फायर किए। लोगों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। मां ने उनकी आरती उतार मुंह मीठा कराया। लेफ्टिनेंट प्रत्यूष सिंह कुशवाह ने बताया कि उनका बचपन से ही भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना था। इसी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और आईएमए देहरादून में कठोर सैन्य प्रशिक्षण लिया। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में सेवा करना उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों का विषय है। उनका पूरा जीवन देश सेवा के लिए समर्पित रहेगा। प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनने पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जो एक सैनिक के लिए आवश्यक है। प्रत्यूष के पिता सूरज सिंह कुशवाह ने बेटे की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उसने कठिन परिश्रम और लगन से अपना सपना पूरा किया है। उनकी माता ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देश सेवा से बढ़कर कोई सम्मान नहीं है। स्वागत समारोह के दौरान उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान कुछ लोग जुलूस के साथ बंदूक लेकर चलते दिखे और घर के बाहर हर्ष व्यक्त करने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई।
