सिवनी जिले के बरघाट थाना क्षेत्र के बीजाटोला गांव में रविवार दोपहर एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण, बरघाट पुलिस और वन विभाग का अमला घटनास्थल पर पहुंचा। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। मृतक महिला की पहचान बीजाटोला (मऊ) निवासी सेवबती मर्सकोले (लगभग 45 वर्ष), पति शिवचरण मर्सकोले के रूप में हुई है। रविवार दोपहर वह गांव के समीप जंगल से लगे खेत में गुल्ली फल बिनने गई थीं, तभी एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। दोपहर के समय महिला सेवबती बाई ग्राम से लगे खेत मे गुल्ली फल बीनने गई हुई थी,जब वह देर बाद भी घर नही लौटी तो परिजन जंगल तरफ गए,जहां उन्हें महिला का शव मिला,जिसका निचला हिस्सा बाघ ने खा लिया था। ग्रामीणों को देख भागा बाघ बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश बेस का कहना है कि ग्राम के लोगो ने बताया कि महिला खेत गई थी जहां से उसे बाघ ने घसीटते हुए जंगल ले गया,और उसके नीचे का हिस्सा खा लिया। बाघ को महिला के शरीर का हिस्सा खाते हुए ग्राम के लोगों ने देखा,ग्रामीणों को आता देख बाघ भाग गया। ग्रामीणों में दहशत का माहौल इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि जंगल से लगे इलाकों में बाघों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे खेतों और जंगल में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है। वन विभाग देगा मुआवजा वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक महिला के परिजनों से मुलाकात की। उन्हें शासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि वन विभाग की टीम क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी और उसके मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए है।
