Homeमध्यप्रदेशलेन-देन के विवाद में हुई थी जैन दंपती की हत्या:मंदसौर में FSL...

लेन-देन के विवाद में हुई थी जैन दंपती की हत्या:मंदसौर में FSL जांच में पुष्टि, आरोपी ने खुद को मारी थी गोली

मंदसौर शहर के चर्चित जैन दंपती हत्याकांड में पुलिस जांच पूरी हो चुकी है। सिटी कोतवाली पुलिस ने रविवार को मामले की फाइनल रिपोर्ट एसपी विनोद कुमार मीना को सौंप दी है। अब एसपी रिपोर्ट का अवलोकन करेंगे। इसके बाद न्यायालय में खात्मे संबंधी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस जांच में सामने आया है कि 31 दिसंबर की रात गोल चौराहा क्षेत्र स्थित निवास पर दिलीप जैन और उनकी पत्नी रेखा जैन की हत्या निम्बाहेड़ा निवासी सराफा व्यापारी विकास सोनी ने की थी। हत्या के बाद आरोपी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के कोई प्रमाण नहीं मिले। फॉरेंसिक रिपोर्ट ने खोले राज
कोतवाली पुलिस को हाल ही में फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। रिपोर्ट में पिस्टल, गोली, खून के नमूनों और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। जांच में पुष्टि हुई कि घटनास्थल से बरामद हथियार और गोली का मिलान हुआ तथा विकास सोनी ने ही जैन दंपती की हत्या के बाद स्वयं को गोली मारी थी। फॉरेंसिक रिपोर्ट प्राप्त होने से पहले पुलिस ने दर्जनों लोगों के बयान लिए, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, टोल नाकों के कैमरों की रिकॉर्डिंग का विश्लेषण किया। उधारी के पैसों को लेकर उपजा विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि दिलीप जैन सोने के आभूषण निर्माण का कार्य करते थे और विकास सोनी से उनका लेन-देन था। विकास पर दिलीप जैन के रुपए बकाया थे, जिन्हें लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी आर्थिक विवाद के चलते विकास सोनी ने दिलीप जैन और उनकी पत्नी रेखा जैन की हत्या कर दी तथा बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद न्यायालय में खात्मा प्रतिवेदन पेश किया जाएगा। यह था पूरा घटनाक्रम
राजस्थान के निम्बाहेड़ा निवासी मृतक विकास की सराफा बाजार में अपना ज्वेलर्स के नाम से दुकान थी, यह 31 दिसम्बर की रात करीब सवा 7 बजे राजस्थान पासिंग स्कूटी पर सवार होकर दिलीप जैन के घर पहुंचा था उस वक्त घर में सिर्फ रेखा जैन मौजूद थीं, जिसके बाद विकास ने दिलीप को फोन किया और लगभग 12 मिनट इंतजार के बाद दिलीप घर पहुंचे। पुलिस सूत्रों की मानें तो दिलीप और विकास ने साथ में चाय पी और बिस्किट खाए, जो की रेखा लेकर आई थी। रेखा बिस्किट और चाय देने के बाद दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चली गई थी। करीब आधा घंटा सामान्य बातचीत के बाद दीपक और विकास के बीच विवाद हुआ। झूमाझटकी जैसी स्थिति बनी। तभी विकास देशी पिस्टल निकलता है और दिलीप पर फायर करने का प्रयास करता है लेकिन गोली नहीं चलती है। जिसके बाद विकास पैरों में पहने हुए मोजे में छिपा कर रखा गया चाकू निकलता है और दिलीप की छाती और चेहरे पर एक के बाद एक कई वार कर देता है। शोर सुन दिलीप की पत्नी रेखा पहुंचती है और अपने पति को खून से सना देख वह विकास पर टूट पड़ती है, जिसके बाद विकास रेखा को भी चाकुओं से गोद देता है ऐसे में रेखा भी अपने पति के हत्यारे से संघर्ष करते हुए औंधे मुंह फर्श पर गिर जाती है। इसके बाद विकास ने खुद को गोली मारी
जब पति-पत्नी अंतिम सांसे गिन रहे थे तब विकास पहले तो घर में टहलता है फिर सोफे पर बैठता है और पिस्टल उठाकर खुद की दांई कनपट्टी पर गोली मार लेता है। गोली कनपट्टी को चीरते हुए कि सिर के रास्ते बाहर निकलकर घर की छत पर बने पीओपी में जा घुसती है। इस पूरे घटनाक्रम में सिर्फ 1 ही गोली चली थी जो विकास ने अपने आप को मारी थी। विकास ने दिलीप पर हमले के दौरान एक के बाद एक 11 वार किए। जिसमें उनका सिर और छाती बुरी तरह जख्मी हो गए। वहीं 30 से अधिक ताबड़तोड़ हमले में रेखा के दोनों हाथ, सिर, गर्दन और छाती छल्ली हो चुकी थी। मौके से बरामद हुए थे हथियार और अहम साक्ष्य
घटनास्थल से पुलिस ने एक चाकू, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, विकास सोनी की जेब से एक अतिरिक्त गोली तथा पीओपी में धंसी गोली बरामद की थी। इसके अलावा घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी जब्त किया गया था। साथ ही पुलिस को मौके से एक बॉक्स में रखे चार सोने के कंगन भी मिले थे। वहीं पोस्टमार्टम के दौरान विकास की जेब से 500-500 रुपए के नोटों की गड्डी बरामद हुई थी। दिलीप जैन के पास से भी 500 रुपए के 18 नोट मिले थे। भतीजे की शिकायत पर दर्ज हुआ था हत्या का मामला
घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मृतक दिलीप जैन के भतीजे मानव जैन की शिकायत पर निम्बाहेड़ा निवासी विकास सोनी के विरुद्ध हत्या एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया था। हालांकि आरोपी की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो जाने तथा जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता नहीं मिली। थाना प्रभारी के मुताबिक, विकास सोनी ने लेन-देन के विवाद के चलते दिलीप जैन और उनकी पत्नी रेखा जैन की हत्या की तथा बाद में स्वयं गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बता दें कि दंपती के दो बच्चे हैं, बेटा आर्किटेक्ट है तो बेटी गुड़गांव में पढ़ाई कर रही है। वहीं विकास के भी 2 बेटे हैं जिनकी उम्र 3 साल और 7 साल है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here