Homeमध्यप्रदेशरॉयल निमार ने रीवा जगुआर्स को 3 विकेट से हराया:आनंद बैस की...

रॉयल निमार ने रीवा जगुआर्स को 3 विकेट से हराया:आनंद बैस की शानदार फिफ्टी और सारांश जैन की घातक गेंदबाजी; रामवीर गुर्जर के 3 विकेट गए बेकार

मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के 20वें बेहद रोमांचक मुकाबले में रॉयल निमार ईगल्स ने आनंद बैस की शानदार अर्धशतकीय पारी और कप्तान सारांश जैन की कसी हुई गेंदबाजी के दम पर रीवा जगुआर्स को 3 विकेट से शिकस्त दे दी। डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए इस कम स्कोर वाले बेहद थ्रिलर मैच में रॉयल निमार ईगल्स ने 131 रनों का लक्ष्य 19.3 ओवरों में 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इससे पहले, रॉयल निमार ईगल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। निमार के गेंदबाजों ने शुरू से ही रीवा जगुआर्स के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। स्टार बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी बिना खाता खोले (0) पहले ही ओवर में देवेंद्र सिंह कटहेत का शिकार बने। कप्तान पृथ्वीराज सिंह तोमर भी महज 13 रन बनाकर चलते बने। रीवा के लिए मोहम्मद अरहम अकील ने 29 गेंदों में 33 रन और आखिरी ओवरों में अथर्व महाजन ने 28 गेंदों में 2 छक्कों और 2 चौकों की मदद से नाबाद 33 रन बनाकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। निमार ईगल्स के लिए कप्तान सारांश जैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में महज 18 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि देवेंद्र सिंह कटहेत को 2 सफलताएं मिलीं। रीवा जगुआर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 130 रन बनाए। 11 रन पर गिर चुके थे 3 विकेट, फिर आनंद बैस ने संभाला मोर्चा
131 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल निमार ईगल्स की शुरुआत बेहद खराब और झटकेदार रही। रीवा के तेज गेंदबाज रामवीर गुर्जर ने घातक गेंदबाजी करते हुए निमार के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया। हिमांशु मंत्री (0), धर्मेश पटेल (7) और कनिष्क दुबे (4) महज 11 रन के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए। ऐसे संकट के समय आनंद बैस ने एक छोर संभालकर सूझबूझ भरी बल्लेबाजी की। आनंद ने 56 गेंदों में 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 64 रनों की धैर्यपूर्ण और मैच जिताऊ पारी खेली। उन्हें कप्तान सारांश जैन (26 गेंद, 28 रन) का अच्छा साथ मिला, जिसकी बदौलत दोनों ने चौथे विकेट के लिए 64 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अभिषेक मावी ने छक्का जड़कर खत्म किया मैच
मैच तब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया जब सेट बल्लेबाज आनंद बैस 19वें ओवर में 125 के स्कोर पर आउट हो गए और पारुष मंडल (4) भी 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर रन आउट हो गए। निमार को आखिरी 4 गेंदों में 1 रन की जरूरत थी, तभी अभिषेक मावी ने 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर एक शानदार छक्का जड़कर टीम को 3 विकेट से जीत दिला दी। मावी 8 गेंदों में 15 रन बनाकर नाबाद रहे। रीवा जगुआर्स के लिए रामवीर गुर्जर ने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 सबसे महत्वपूर्ण विकेट लिए, लेकिन वे अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। संदीप सिंह की घातक गेंदबाजी, चंबल ने भोपाल को 5 विकेट से हराया वहीं, 21वें मुकाबले में चंबल घड़ियाल्स ने शानदार प्रदर्शन के दम पर भोपाल लेपर्ड्स को 5 विकेट से शिकस्त दे दी है। इन्दौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में चंबल घड़ियाल्स के गेंदबाजों ने पहले भोपाल को कम स्कोर पर रोका और फिर कप्तान शुभम शर्मा की कप्तानी पारी की बदौलत 19.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 144 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। चंबल घड़ियाल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भोपाल लेपर्ड्स की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही। सलामी बल्लेबाज तनिष्का यादव ने 20 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 38 रनों की तेज पारी खेली, जबकि अंश बगड़िया ने 31 गेंदों में 34 रन बनाए। लेकिन इसके बाद चंबल के गेंदबाज संदीप सिंह ने भोपाल के मध्यक्रम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। संदीप ने घातक गेंदबाजी करते हुए अपने 4 ओवर के कोटे में महज 17 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उनके इस शानदार स्पेल और त्रिपुरेश सिंह के 2 विकेटों की बदौलत भोपाल लेपर्ड्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 142 रन ही बना सकी। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान शुभम शर्मा ने संभाली पारी
143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंबल घड़ियाल्स की शुरुआत भी खराब रही। पिछले मैच के शतकवीर अंकुश सिंह महज 1 रन बनाकर अनुराग मालवीय का शिकार बने। इसके बाद अपूर्व द्विवेदी ने 17 गेंदों में 26 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को संभाला, लेकिन वे भी छठे ओवर में आउट हो गए। 38 रन पर 2 विकेट गिर जाने के बाद कप्तान शुभम शर्मा ने मोर्चा संभाला। शुभम शर्मा ने एक छोर पर लंगर डालते हुए 51 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके की मदद से नाबाद 52 रनों की बेहद सूझबूझ भरी अर्धशतकीय पारी खेली। मध्यक्रम में गौतम रघुवंशी ने 17 रनों का योगदान दिया। अमन भदोरिया का कैमियो, 5 गेंद शेष रहते चंबल जीता
एक समय चंबल का स्कोर 15.5 ओवर में 5 विकेट पर 98 रन था और मैच थोड़ा फंसता हुआ नजर आ रहा था। लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अमन भदोरिया ने आते ही भोपाल के गेंदबाजों पर धावा बोल दिया। अमन भदोरिया ने महज 8 गेंदों का सामना करते हुए 3 गगनचुंबी छक्के जड़कर नाबाद 22 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत चंबल घड़ियाल्स ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। भोपाल लेपर्ड्स की ओर से कमल त्रिपाठी ने सबसे बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 2 विकेट लिए, लेकिन वे अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। इंदौर पिंक पैंथर्स ने बुंदेलखंड बुल्स को 25 रनों से हराया 22वें बेहद रोमांचक मुकाबले में इंदौर पिंक पैंथर्स ने बढ़िया प्रदर्शन के दम पर बुंदेलखंड बुल्स को 25 रनों से शिकस्त दे दी। इन्दौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंदौर पिंक पैंथर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 172 रन बनाए, जिसके जवाब में बुंदेलखंड बुल्स की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवरों में 147 रनों पर ऑल-आउट हो गई। बुंदेलखंड बुल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंदौर पिंक पैंथर्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। ओपनर अथर्व जोशी (18) और महफूज पटेल (11) सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद सिद्धार्थ पाटीदार (28) और कप्तान वेंकटेश अय्यर ने पारी को संभाला। अय्यर ने 21 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 32 रनों की कप्तानी पारी खेली। लेकिन इंदौर की पारी को असली रफ्तार आखिरी ओवरों में शुभम राठौर ने दी। शुभम ने मैदान पर आते ही चौकों-छक्कों की बरसात कर दी और महज 19 गेंदों में 2 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के जड़ते हुए 221.05 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 42 रन बना डाले। विष्णु भारद्वाज ने भी आखिरी में 4 गेंदों में 2 छक्के लगाकर 12 रन बनाए, जिसकी बदौलत इंदौर ने 20 ओवर में 172 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। बुल्स की तरफ से कुलदीप सेन ने 29 रन देकर 3 और हर्षित परसाई ने 2 विकेट लिए। शिवम शुक्ला और वेंकटेश अय्यर की गेंदबाजी के आगे ढेर हुई बुल्स
173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स की शुरुआत काफी तेज रही। ओपनर हर्ष गवली (17) और कप्तान अभिषेक पाठक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 4.4 ओवर में 47 रन जोड़ दिए। पाठक ने 16 गेंदों में 3 छक्के और 2 चौके लगाकर 29 रन बनाए लेकिन 5वें ओवर में शिवम शुक्ला ने दोनों ओपनर्स को आउट करके मैच का पासा पूरी तरह पलट दिया। इसके बाद बुल्स के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर अपने विकेट गंवाते रहे। रुद्रंश सिंह ने एक छोर संभालकर 27 गेंदों में 37 रन (2 चौके, 2 छक्के) बनाए और भूमेश मुजालदा ने 14 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन दूसरी तरफ से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। आखिरी ओवरों में वेंकटेश अय्यर ने कमाल की गेंदबाजी की और 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर हर्षित परसाई को आउट करके बुल्स की पारी को 147 रनों पर समेट दिया। इंदौर पिंक पैंथर्स के लिए शिवम शुक्ला ने 4 ओवर में 38 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि कप्तान वेंकटेश अय्यर ने महज 2 ओवर में 18 रन देकर 3 बड़े विकेट चटकाए। आयाम वर्मा को भी 2 सफलताएं मिलीं।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here