भोपाल से मुंबई जा रही मंगला एक्सप्रेस के जनरल कोच में मोबाइल चोरी का विरोध करने पर दो यात्रियों पर चाकू से हमला कर दिया गया। यह वारदात बुदनी के जंगल क्षेत्र में चलती ट्रेन के अंदर हुई। सात से आठ बदमाशों ने यात्रियों पर हमला किया और चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकने के बाद जंगल में भाग निकले। शाम करीब पौने सात बजे ट्रेन के इटारसी पहुंचने पर जीआरपी ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ‘गप्पा गेम’ के नाम पर दिया जुए का लालच घायल यात्री छतरपुर निवासी विपिन राजपूत और मनोज राजपूत ने बताया कि वह अपने रिश्तेदारों के साथ मुंबई जा रहे थे। बदमाशों ने पहले उन्हें ‘गप्पा गेम’ के नाम पर जुए का लालच दिया। जब यात्रियों ने मना किया, तो बदमाशों ने विपिन का मोबाइल चुरा लिया। इसके बाद जब विपिन और उसके साथियों ने आरोपियों का वीडियो बनाना शुरू किया, तो बदमाश भड़क गए। चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और किया हमला घायलों के मुताबिक, जब ट्रेन बुदनी के जंगल क्षेत्र में पहुंची, तो आरोपियों ने चेन पुलिंग कर उसे रोक दिया। इसके बाद मोबाइल लौटाने का झांसा देकर उन्होंने विपिन और मनोज पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में विपिन के हाथ और पसली में गंभीर चोटें आई हैं, जहां कुल नौ टांके लगे हैं, जबकि मनोज के सिर में चोट लगी है। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। सहयात्रियों ने नहीं किया बीच-बचाव इस घटना का एक पहलू यह भी रहा कि जनरल कोच में बड़ी संख्या में मुसाफिर मौजूद थे। इसके बावजूद हमले के वक्त कोई भी यात्री बीच-बचाव करने के लिए आगे नहीं आया। घायल यात्रियों और उनके साथियों ने ही किसी तरह जूझते हुए अपनी जान बचाई। वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया कि चलती ट्रेन में हुई इस वारदात का मामला दर्ज कर लिया गया है। घायलों द्वारा दिए गए संदिग्धों के वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
