मैहर वन मंडल के मुकुंदपुर रेंज अंतर्गत जिगना सर्किल की जिगना बीट में एक सांभर की नहर में गिरने से मौत हो गई। वन विभाग की टीम ने लगभग दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सांभर को बाहर निकाला, लेकिन गंभीर हालत के कारण कुछ ही देर बाद उसकी मृत्यु हो गई। यह घटना मंगलवार रात राजस्व ग्राम छिरहाई क्षेत्र में हुई। रात करीब 9 बजे रेंजर विनोद अवस्थी को सूचना मिली कि एक अवयस्क सांभर नहर में गिर गया है और बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद, रात लगभग 11 बजे सांभर को नहर से बाहर निकाला गया। हालांकि, लंबे समय तक पानी में फंसे रहने और अत्यधिक कमजोरी के कारण, बाहर निकाले जाने के लगभग 15 मिनट बाद ही उसकी मृत्यु हो गई। बुधवार को वन विभाग ने पशु डॉक्टर की मौजूदगी में सांभर का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद, सीनियर अधिकारियों के निर्देश पर वन्यजीव का विधिवत अंतिम संस्कार कर दिया गया।
